डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के नए राष्ट्रपति बन गए हैं। राष्ट्रपति पद के चुनावों में उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी हिलेरी क्लिंटन को मात दी। वे अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति हैं। सभी न्यूज चैनलों और अखबारों ने हिलेरी की जीत की संभावना जताई थी। ओपिनियन पोल्स में भी हिलेरी की जीत दिखाई जा रही थी। नतीजों में उन्हें 288 इलेक्टॉरल वोट मिले। राष्ट्रपति बनने के लिए 270 वोट चाहिए होते हैं। इन नतीजों के साथ रिपब्लिकन पार्टी आठ साल बाद सत्ता में वापसी की है। इससे पहले साल 2001-09 के बीच जॉर्ज डब्ल्यू बुश रिपब्लिकन राष्ट्रपति थे। उनके बाद बराक ओबामा दो बार राष्ट्रपति रहे। ओबामा डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं। चुनाव नतीजों के दौरान ट्रंप ने डेमोक्रेटस के गढ़ ओहियो में भी जीत दर्ज की। इनके अलावा उनकी जीत में स्विंग स्टेट की भी बड़ी भूमिका रही। स्विंग स्टेट वे राज्य होते हैं जो चुनावी बयार के साथ बदलते रहते हैं। चुनावों के दौरान दोनों पार्टियां इन राज्यों को अपने पाले में लेने पर विशेष जोर देती हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप के कई विवाद सामने आए। इनमें महिला विरोधी टिप्पणियां करने और टैक्स चोरी करने के आरोप भी शामिल थे। ट्रंप अमेरिका को फिर से महान बनाने के नारे के साथ प्रचार में उतरे थे। उन्होंने अपनी हरेक रैली में ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ का नारा दिया। साथ ही उन्होंने मैक्सिको सीमा पर दीवार बनाने, अमेरिका में मुसलमानों के घुसने पर रोक, देश में नौकरियां बढ़ाने, चीन से आने वाले सामान पर टैक्स बढ़ाने, ओबामाकेयर नीति को बदलने, ईरान से समझौते पर फिर से विचार करने, टैक्स राहत और इस्लामिक स्टेट को खत्म करने के वादे भी किए हैं। हालांकि इनमें से कितने वादों को लेकर वे गंभीर है यह इस बात से समझा जा सकता है कि ट्रंप ने कहा था, ‘हर बात पर फिर से विचार किया जा सकता है।”
राजनीति में आने से पहले ट्रंप कारोबारी और टीवी प्रोड्यूसर भी रह चुके हैं। उनकी कंपनी का द ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन है। यह कंपनी ऑफिस टावर, कसिनो, गोल्फ कॉर्स, होटल्स बनाती है। ट्रंप ने तीन बार शादी की है और इनसे उन्हें पांच बच्चे हुए। उनकी तीसरी पत्नी मेलियना पहले मॉडल थीं।