अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्रेड एडवाइजर पीटर नवारो लगातार भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। कई बार वह भारत पर रूसी तेल की खरीद को लेकर निशाना साध चुके हैं। वह लगातार भारत के बारे में झूठ फैला रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने उनको सही भी किया। इसके बाद वह प्लेटफॉर्म और टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क पर भड़क गए। अब एलन मस्क ने बिना नाम लिए पीटर नवारो को करारा जवाब दिया है।
नवारो ने भारत के खिलाफ उगला था जहर
ट्रंप के ट्रेड एडवाइजर पीटर नवारो भारत पर रूस-यूक्रेन युद्ध में रूस को फंड करने का आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने 6 सितंबर को एक बार फिर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “भारत में सबसे ज़्यादा टैरिफ लगाने से अमेरिकी नौकरियां खत्म हो रही हैं। भारत रूसी तेल सिर्फ़ मुनाफ़े के लिए खरीदता है और रूसी युद्ध मशीन को पोषित करता है। यूक्रेनियन/रूसी मर रहे हैं। अमेरिकी करदाताओं को ज़्यादा भुगतान करना पड़ रहा है। भारत सच/झूठ को बर्दाश्त नहीं कर सकता।”
X ने किया था फैक्टचेक
इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने नवारो को फैक्ट चेक कर दिया और गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाते हुए एक कम्यूनिटी नोट लगा दिया। इस नोट में कहा गया, “भारत की रूस से तेल खरीद ऊर्जा सुरक्षा के लिए है ना कि केवल लाभ के लिए और यह प्रतिबंधों का उल्लंघन नहीं करता है। भारत पर कुछ टैरिफ है लेकिन अमेरिका का रूस के साथ सेवाओं के मामले में ट्रेड सरप्लस है। अमेरिका रूस से कुछ वस्तुओं का आयात भी जारी रखे हुए हैं, जो पाखंड दर्शाता है।”
‘अब पछतावा हो रहा…’, पीएम मोदी के लिए नरम हुए ट्रंप के तेवर तो पूर्व राजनयिक ने बताई वजह
जैसे ही नवारो पर झूठ फैलाने का आरोप लगा तुरंत वह एलन मस्क पर भड़क गए। नवारो ने एलन मस्क को टैग करते हुए लिखा, “वाह! लोगों की पोस्ट में दुष्प्रचार को जगह दे रहा है। नीचे दिया गया घटिया नोट बस यही है। भारत रूस से सिर्फ़ मुनाफ़ा कमाने के लिए तेल खरीदता है। रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण करने से पहले उसने कोई तेल नहीं खरीदा था। भारत सरकार की स्पिन मशीन तेज़ी से आगे बढ़ रही है। यूक्रेनियों को मारना बंद करो। अमेरिकियों की नौकरियां छीनना बंद करो।”
मस्क ने दिया नवारो को जवाब
इन सारे घटनाक्रम के बाद 7 सितंबर को एलन मस्क ने बिना नाम लिए पीटर नवारो को जवाब दिया। एलन मस्क ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “इस प्लेटफ़ॉर्म पर लोग ही कहानी तय करते हैं। आप किसी भी तर्क के सभी पक्षों को सुनते हैं। कम्युनिटी नोट्स सभी को सही करता है, बिना किसी अपवाद के। नोट्स का डेटा और कोड सार्वजनिक सोर्स हैं। Grok आगे की तथ्य-जांच प्रदान करता है।”
एलन मस्क ने पीटर नवारो का नाम तो नहीं लिया लेकिन उनका निशाना ट्रंप के ट्रेड एडवाइजर पर ही था। पीटर ने ही कम्युनिटी नोट का जिक्र किया था और एलन मस्क ने भी उसी का जिक्र करते हुए आईना दिखाया।