अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने रूस को आगाह किया है कि अलेप्पो शहर पर कब्जा कर लेने से सीरिया में गृह युद्ध को खत्म करने में कोई मदद नहीं मिलेगी और यह विपक्षी बलों को और अधिक कट्टपंथी बना सकता है। गृह युद्ध के बीच संघर्ष विराम बहाल करने की राह तलाशने के लिए जिनिवा में अमेरिका, रूस और सीरिया के पड़ोसी देशों के अधिकारियों को बुधवार (19 अक्टूबर) को संबोधित करते हुए केरी ने कहा कि विद्रोही के कब्जे वाले इलाकों में रूस की बमबारी एक भूल थी। मास्को की दलील है कि वह अल-कायदा से जुड़े ‘आतंकवादियों’ के खिलाफ सीरियाई नेता बशर अल-असद को मदद दे रहा है।

इसके साथ ही रूस वॉशिंगटन पर आरोप लगाता है कि वह नरमपंथी विद्रोहियों और कट्टरपंथी विद्रोहियों के बीच फर्क करने में विफल रहा है। हालांकि दक्षिण कोरिया के अपने समकक्ष के साथ बातचीत के बाद वॉशिंगटन में केरी ने कहा, ‘रूस और असद के प्रशासन द्वारा गिराया गया हर एक बम अधिक से अधिक लोगों को कट्टरपंथी बना रहा है।’ अमेरिका और रूस के बीच कुछ समय तक रहे संघर्ष विराम के पिछले महीने टूट जाने के बाद सीरियाई प्रशासन ने विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्वी अलेप्पो के जिलों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया था। एक अनुमान के मुताबिक यहां 2.5 लाख नागरिक रहते हैं।