अमेरिका के अलास्का क्षेत्र में रविवार सुबह 7.2 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया।  अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (US Geological Survey)  की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक भूकंप के झटके इतने तेज थे कि इसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। अभी जान या माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

भूकंप अलास्का प्रायद्वीप के अपतटीय क्षेत्र में 21 किलोमीटर की गहराई पर केंद्रित था। इसने शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 7.4 बताई थी लेकिन बाद में इसमें सुधार कर इसे 7.2 कर दिया। अलास्का भूकंप केंद्र के मुताबिक  भूकंप के झटके अलास्का प्रायद्वीप, अलूशन आइलैंड्स और कुक इनलेट क्षेत्रों में महसूस किए गए।

क्यों आता है भूकंप?

पृथ्वी (Earth) मुख्य तौर पर चार परतों से बनी हुई है। इनर कोर, आउटर कोर, मैन्टल और क्रस्ट। क्रस्ट और ऊपरी मैन्टल कोर को लिथोस्फेयर कहा जाता है। ये 50 किलोमीटर की मोटी परत कई वर्गों में बंटी हुई है जिन्हें टेक्टोनिक प्लेट्स कहा जाता है। धरती की ऊपरी सतह 7 टेक्टोनिक प्लेटों से मिलकर बनी है। ये प्लेटें कभी स्थिर नहीं होती और लगातार हिलती रहती हैं। जब ये प्लेटें एक दूसरे की तरफ बढ़ती है तो इनमें टकराव होता है। इनके टकराने से बड़ी मात्रा में ऊर्जा निकलती है जिससे हलचल होती है।

भूकंप रिक्टर स्केल असर 0 से 1.9 सिर्फ सीज्मोग्राफ से ही पता चलता है। 2 से 2.9 को हल्का कंपन माना जाता है जबकि 3 से 3.9 इससे थोड़ा ज़्यादा। 4 से 4.9 थोड़ा ज़्यादा जिससे खिड़कियां टूट सकती हैं, दीवारों पर टंगी फ्रेम गिर सकती हैं। 5 से 5.9 फर्नीचर हिल सकता है। 6 से 6.9 इमारतों की नींव दरक सकती है। ऊपरी मंजिलों को नुकसान हो सकता है। 7 से 7.9 इमारतें गिर जाती हैं। जमीन के अंदर पाइप फट जाते हैं। 8 से 8.9 इमारतों सहित बड़े पुल भी गिर जाते हैं। 9 और उससे ज्यादा पूरी तबाही। कोई मैदान में खड़ा हो तो उसे धरती लहराते हुए दिखेगी। समंदर नजदीक हो तो सुनामी। भूकंप में रिक्टर पैमाने का हर स्केल पिछले स्केल के मुकाबले 10 गुना ज्यादा ताकतवर होता है।