Russia Ukraine War: यूक्रेन संकट से अपने लोगों को निकालने के काम के लिए सरकार एक तरफ अपनी पीठ थपथपाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। लेकिन दूसरी तरफ तस्वीर काफी भयावह है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक रूसी सीमा के पास स्थित Sumy स्टेट यूनिवर्सिटी के 600-700 छात्र अपनी जान बचाने के लिए इंडियन एंबेसी के अफसरों से गुहार लगाने की कोशिश कर रहे हैं पर उनके नंबर नॉट रीचेबल हैं। केरल की छात्रा निरंजना संतोष ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भी वो अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं पर कोई कामयाबी हाथ नहीं लग रही। हम बहुत डरे हुए हैं। हमें घर लौटना है पर कोई भारतीय अफसर उनके पास नहीं आ रहा।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि 18 हजार भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से सुरक्षित भारत लाया जा चुका है। बीते 24 घंटो में 15 फ्लाइटे भारत आई हैं। अगले 24 घंटो के लिए 18 फ्लाइटों को यूक्रेन भेजा जाएगा। उधर, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मॉस्को यूक्रेन में लड़ाई खत्म करने के लिए बातचीत को तैयार है। लेकिन यूक्रेन के सैन्य ढांचे को नष्ट करने के अपने प्रयास जारी रखेगा।

लावरोव ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के वार्ताकारों को अपनी मांगें सौंपी है। अब वो बृहस्पतिवार को होने वाली वार्ता में कीव की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम ने यूक्रेन को लगातार हथियारों से लैस किया है। इन देशों ने यूक्रेन में ठिकाने बनाए हैं। ये मॉस्को की सुरक्षा के लिए खतरा है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि रूस पर प्रतिबंध लगने से भारत की भी मुश्किलें बढ़ेंगी। सीनेट फॉरेन रिलेशन कमेटी की बैठक में एक अधिकारी ने कहा कि अब हथियारों से जुड़े हार्डवेयर रूस से लेने में भारत को परेशानी होगी। यूक्रेन पर हमले की वजह से दुनिया के तमाम देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि उनका कहना था कि अमेरिका S-400 एयर डिफेंस की खरीद पर रोक लगाने की बात पर विचार नहीं कर रहा। भारत उसका साझीदार है।

अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) के अभियोजक ने एक जांच शुरू की है। वो यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई के दौरान नागरिकों की मौत, संपत्ति नुकसान को देखेंगे। आईसीसी के अभियोजक करीम खान ने बुधवार देर रात उस समय जांच की घोषणा की, जब अंतरराष्ट्रीय अदालत के दर्जनों सदस्य देशों ने उनसे मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि आईसीसी को यूक्रेन जाने की जरूरत है। इसके जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना जरूरी है। ब्रिटेन न्याय के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगा।

बता दें कि रूस ने यूक्रेन के कीव, खारेसान और खारकीव में हमले तेज रखे। इस दौरान खारकीव में जबदस्त तबाही की खबर है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फिर से हुंकार भरी है। उन्होंने चेताते हुए कहा है कि जो भी उनके मुल्क में घुसेगा या फिर हमला करेगा, वह उसे कड़ा जवाब देंगे। साथ ही जो उन लोगों (यूक्रेनियों) का है, वह वे किसी और को नहीं देंगे।

वहीं, विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कुछ समाचार चैनल्स ने बताया कि खारकीव में रक्षा विभाग के हेडक्वार्टर पर क्रूज मिसाइल अटैक किया गया है। इस बीच, खारकीव में रात भर की गई बमबारी में आठ लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में कौन-कौन (मुल्क आदि) शामिल था? यह फिलहाल साफ नहीं हो सका है।

इस बीच, विदेश मंत्रालय की ओर साफ किया गया है कि यूक्रेन में कोई भी भारतीय को बंधक नहीं बनाया गया है और न ही उन्हें इस बारे में जानकारी है। दरअसल, बुधवार को कुछ खबरों में दावा किया गया था कि यूक्रेन में कुछ भारतीय छात्र-छात्राओं को बंधक बना लिया गया है।

उधर, खबर है कि यूक्रेन की तरह सोवियत संघ का हिस्सा रहा जॉर्जिया यूरोपियन यूनियन में हिस्सा बन सकता है। बता दें कि आज रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आठवां दिन है। पर युद्ध रूकने के आसार नहीं नजर नहीं आ रहे हैं।

Live Updates

Russia और Ukraine के बीच नहीं थमा है विवाद, आठ दिन से जारी है जंगः यहां पाएं पूरे विवाद से जुड़े पल-पल के LIVE Updates

19:16 (IST) 2 Mar 2022
जिनका पासपोर्ट खो गया है, आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि जिन लोगों का भारतीय पासपोर्ट खो गया है, उन्हें आपातकालीन प्रमाणपत्र जारी करने के लिए एक क्रियाविधि स्थापित की गई है। मुझे लगता है कि इससे कई भारतीय छात्रों को भी मदद मिलेगी।

19:15 (IST) 2 Mar 2022
रूस की तरफ से प्राप्त इनपुट के आधार पर जारी की गई एडवाइजरी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि एडवाइजरी रूसी पक्ष से प्राप्त इनपुट के आधार पर जारी की गई है। हमने खुद से एडवाइजरी में जगह और समय तय नहीं किया है, ये इनपुट पर आधारित है।

19:14 (IST) 2 Mar 2022
मृतक का परिवार भी यूक्रेन में – अरिंदम बागची

यूक्रेन में रहने वाले एक भारतीय नागरिक चंदन जिंदल की मौत पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि उनका परिवार भी यूक्रेन में है।

18:38 (IST) 2 Mar 2022
17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके- विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बुधवार को बताया, यूक्रेन छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। अनुमान के मुताबिक, एडवाइजरी जारी होने के बाद से लगभग 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं।

18:16 (IST) 2 Mar 2022
सिंधिया ने भारतीय नागरिक को अग्रिम पंक्ति में भेजा, यात्रियों से उसकी देखभाल करने को कहा।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यूक्रेन में फंसी एक भारतीय नागरिक सृष्टि को अग्रिम पंक्ति में भेजा और यात्रियों से उसकी देखभाल करने को कहा। उन्हें लिगामेंट इंजरी हुई थी, वे कल रात ऑपरेशन गंगा के दौरान केंद्रीय मंत्री से मिली थी।

17:48 (IST) 2 Mar 2022
वायुसेना का C-17 विमान 200 भारतीय नागरिकों के साथ रात 11 बजे लौटेगा

IAF अधिकारी ने बताया, रोमानिया से लौटने वाला पहला वायुसेना का C-17 विमान लगभग 200 भारतीय नागरिकों के साथ रात 11 बजे यूक्रेन से लौट रहा है। पोलैंड और हंगरी से दो और विमान कल तड़के लौटेंगे।

17:43 (IST) 2 Mar 2022
यूक्रेन के खिलाफ रूसी हमले की पोलैंड ने की निंदा

भारत में पोलैंड के राजदूत एडम बर्कोवस्की ने भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. इगोर पोलिखा से मुलाकात की। पोलैंड राजदूत ने मुलाकात के बाद कहा, “यूक्रेन के खिलाफ रूसी हमले की पोलैंड निंदा करता है।”

17:42 (IST) 2 Mar 2022
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुखारेस्ट में फ्लाइट से छात्रों के परिवार से फोन पर बात की

रोमानिया: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुखारेस्ट में फ्लाइट से भारत लौट रहे छात्रों के परिवार से फोन पर बात की।

17:41 (IST) 2 Mar 2022
भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, तत्‍काल खारकीव छोड़ दें भारतीय

यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने खारकीव में भारतीय नागरिकों को लेकर एडवाइजरी जारी है। यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट कर कहा गया है, खारकीव को तुरंत ख़ाली किया जाए,जल्द पिसोचिन,बेज़लुडोव्का और बाबे के लिए आगे बढ़ें। नागरिकों को आज 6 बजे (यूक्रेनी समय) तक इन इलाकों में पहुंचना होगा।

16:46 (IST) 2 Mar 2022
रूस यूक्रेन युद्ध : रूस ने कीव के टीवी टावर पर हवाई हमले का बचाव किया

रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को दावा किया कि रूसी विमानों ने हवाई हमले में यूक्रेन की राजधानी स्थित मुख्य टीवी टावर को निष्क्रिय कर दिया। इसके साथ ही कहा कि हमले में रिहायशी इमारतों को निशाना नहीं बनाया गया। मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेंकोव ने हालांकि मंगलवार को किए गए हवाई हमले में मरने वालों की जानकारी नहीं दी और यह भी नहीं बताया कि करीब ही मौजूद हॉलोकॉस्ट पीड़ितों (द्वितीय विश्वयुद्ध में यहूदी नरसंहार) की याद में बने बाबी यार स्मारक को कितना नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हमले का मकसद यूक्रेन के ‘सूचना आक्रमण’ की क्षमता को निष्क्रिय करना था।

16:41 (IST) 2 Mar 2022
यूक्रेन में फंसे जम्मू के 32 लोगों के परिवारों के संपर्क में है प्रशासन : अधिकारी

रूस के सैन्य अभियान से बुरी तरह प्रभावित पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में फंसे जम्मू के सभी 32 लोगों के परिवारों से प्रशासन संपर्क बनाए हुए है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दी। उन्होंने बताया कि सरकार इन लोगों की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। प्रशासन ने रूस की सैन्य कार्रवाई की वजह से यूक्रेन में फंसे लोगों के परिवारों की मदद के लिए दो फोन नंबर जारी किए हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों से कहा है कि वे किसी तरह की मदद के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में फोन नंबर 0191-2571616 और 0191-2571912 पर संपर्क कर सकते हैं।

16:25 (IST) 2 Mar 2022
यूक्रेन से अब तक 6,000 भारतीयों को स्वदेश लाया गया : केंद्रीय मंत्री मुरलीधरन

रूस के सैन्य अभियान से बुरी तरह प्रभावित पूर्वी यूरोपीय देश यूक्रेन में फंसे 20,000 भारतीयों में से अब तक 6,000 को स्वदेश लाया जा चुका है। केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार बाकी भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए सभी कोशिशें कर रही है। मुरलीधरन यहां एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से मुखातिब थे। उन्होंने कहा, “यूक्रेन में लगभग 20,000 विद्यार्थी/नागरिक फंसे हुए थे। उनमें से 4,000 को 24 फरवरी से पहले भारत लाया गया था। वहीं, 2,000 अन्य छात्र-छात्राओं को मंगलवार तक वापस लाया गया।” केंद्रीय मंत्री ने कहा, “पूर्वी यूरोपीय देश में फंसे बाकी भारतीयों को भी निकालने के प्रयास जारी हैं।”

16:18 (IST) 2 Mar 2022
सरकार यूक्रेन में घायल कर्नाटक के छात्र की जानकारी पाने की कोशिश कर रही: बोम्मई

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा कि सरकार यूक्रेन के खारकीव शहर में रूसी बलों की गोलाबारी में कथित रूप से घायल हुए, हावेरी जिले के छात्र से जुड़ी जानकारियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। यूक्रेन में रूसी सैन्य कार्रवाई में मंगलवार को भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा ज्ञानगौदर की मौत हो गई थी। यूक्रेन में रूस के जारी युद्ध में यह किसी भारतीय व्यक्ति की मौत का पहला मामला है। जिस गोलाबारी में नवीन की मौत हुई थी, उसी दौरान कथित तौर पर घायल हुए छात्र की हालत के बारे में सवाल किए जाने पर बोम्मई ने कहा कि वह जानकारियां एकत्र करने की कोशिश कर रहे है।

16:10 (IST) 2 Mar 2022
दक्षिणी कोरिया ने रूस के सात बैंकों पर लगाया प्रतिबंध

दक्षिण कोरिया रूस पर अपने आर्थिक प्रतिबंधों के तहत सात प्रमुख रूसी बैंकों और उनके सहयोगियों के साथ वित्तीय लेनदेन पर रोक लगाएगा। देश के वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के साथ परामर्श के बाद प्रतिबंधों पर एक विस्तृत योजना जारी की। ये सात रूसी बैंक Sberbank, VEB, PSB, VTB, Otkritie, Sovcom और Novikom हैं। प्रतिबंध अमेरिका की छूट अवधि का पालन करेगा, और कृषि, कोविड -19 दवा और ऊर्जा सहायता जैसे असाधारण लेनदेन की अनुमति होगी।

16:04 (IST) 2 Mar 2022
यूक्रेन से छात्रों को लाने के लिए सरकार जिम्मेदारी निभाए: कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को वापस लाने के संदर्भ में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और ठोस कदम उठाना चाहिए। मुख्य विपक्षी पार्टी ने अपनी मांग को लेकर ‘स्पीकअप फॉर अवर स्टूडेंट्स’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान चलाया और सरकार से आग्रह किया कि वह अपनी विस्तृत रणनीति का खुलासा करे।

16:03 (IST) 2 Mar 2022
यूक्रेन से फिर वार्ता करने को तैयार: रूस

क्रेमलिन के एक प्रवक्ता ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध के बारे में यूक्रेनी अधिकारियों के साथ बातचीत फिर से शुरू करने के लिए बुधवार शाम को एक रूसी प्रतिनिधिमंडल तैयार है। प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा, “शाम के समय हमारा प्रतिनिधिमंडल यूक्रेनी वार्ताकारों की प्रतीक्षा करने के लिए मौजूद होगा।” उन्होंने यह नहीं बताया कि बातचीत कहां हो सकती है।

15:45 (IST) 2 Mar 2022
अमेरिका ने रूस की आक्रामकता का सामना करने की दी चेतावनी

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपने पहले ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ संबोधन में रूस की आक्रामकता का सामना करने और अमेरिकी मुद्रास्फीति को काबू करने का संकल्प किया। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण करने के बीच बाइडन के इस भाषण के मायने और बढ़ गए हैं। राष्ट्रपति ने अपने भाषण की शुरुआत भी यूक्रेन संकट के मुद्दे से ही की। उन्होंने सदन के कक्ष में उपस्थित सांसदों से कहा कि वे खड़े होकर यूक्रेन के लोगों के जज्बे को सलाम करें। इसके बाद सभी सांसद खड़े हो गए।

बता दें विदेश मंत्रालय की ओर से तीन मार्च, 2022 को कहा गया कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है और किसी छात्र के बंधक बनाए जाने की स्थिति का सामना करने जैसी कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं मिली है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाये जाने की खबरों को लेकर मीडिया के सवालों पर यह बात कही।

उनके मुताबिक, ‘‘यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है । हम इस बात का संज्ञान लेते हैं कि यूक्रेन प्रशासन के सहयोग से कल कई छात्र खारकीव से बाहर निकल सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें किसी भारतीय छात्र को बंधक बनाने जैसी स्थिति का सामना करने की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।’’ बागची ने कहा कि हमने यूक्रेन प्रशासन से आग्रह किया है कि खारकीव एवं आसपास के क्षेत्रों से छात्रों को बाहर निकालकर देश के पश्चिमी हिस्से में ले जाने के लिये विशेष ट्रेन की व्यवस्था करें।

दरअसल, रूस ने बुधवार को कहा था कि उसके सशस्त्र बल यूक्रेन के खारकीव शहर से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं। भारत में रूसी दूतावास के एक अधिकारी ने रूस के रक्षा मंत्रालय की ब्रीफिंग का ब्योरा साझा किया था।