Russia Ukraine War: यूक्रेन संकट से अपने लोगों को निकालने के काम के लिए सरकार एक तरफ अपनी पीठ थपथपाने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। लेकिन दूसरी तरफ तस्वीर काफी भयावह है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक रूसी सीमा के पास स्थित Sumy स्टेट यूनिवर्सिटी के 600-700 छात्र अपनी जान बचाने के लिए इंडियन एंबेसी के अफसरों से गुहार लगाने की कोशिश कर रहे हैं पर उनके नंबर नॉट रीचेबल हैं। केरल की छात्रा निरंजना संतोष ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए भी वो अपनी आवाज पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं पर कोई कामयाबी हाथ नहीं लग रही। हम बहुत डरे हुए हैं। हमें घर लौटना है पर कोई भारतीय अफसर उनके पास नहीं आ रहा।
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि 18 हजार भारतीय नागरिकों को यूक्रेन से सुरक्षित भारत लाया जा चुका है। बीते 24 घंटो में 15 फ्लाइटे भारत आई हैं। अगले 24 घंटो के लिए 18 फ्लाइटों को यूक्रेन भेजा जाएगा। उधर, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि मॉस्को यूक्रेन में लड़ाई खत्म करने के लिए बातचीत को तैयार है। लेकिन यूक्रेन के सैन्य ढांचे को नष्ट करने के अपने प्रयास जारी रखेगा।
लावरोव ने कहा कि रूस ने यूक्रेन के वार्ताकारों को अपनी मांगें सौंपी है। अब वो बृहस्पतिवार को होने वाली वार्ता में कीव की प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम ने यूक्रेन को लगातार हथियारों से लैस किया है। इन देशों ने यूक्रेन में ठिकाने बनाए हैं। ये मॉस्को की सुरक्षा के लिए खतरा है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि रूस पर प्रतिबंध लगने से भारत की भी मुश्किलें बढ़ेंगी। सीनेट फॉरेन रिलेशन कमेटी की बैठक में एक अधिकारी ने कहा कि अब हथियारों से जुड़े हार्डवेयर रूस से लेने में भारत को परेशानी होगी। यूक्रेन पर हमले की वजह से दुनिया के तमाम देशों ने रूस पर प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि उनका कहना था कि अमेरिका S-400 एयर डिफेंस की खरीद पर रोक लगाने की बात पर विचार नहीं कर रहा। भारत उसका साझीदार है।
अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) के अभियोजक ने एक जांच शुरू की है। वो यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई के दौरान नागरिकों की मौत, संपत्ति नुकसान को देखेंगे। आईसीसी के अभियोजक करीम खान ने बुधवार देर रात उस समय जांच की घोषणा की, जब अंतरराष्ट्रीय अदालत के दर्जनों सदस्य देशों ने उनसे मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस ने कहा कि आईसीसी को यूक्रेन जाने की जरूरत है। इसके जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना जरूरी है। ब्रिटेन न्याय के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगा।
बता दें कि रूस ने यूक्रेन के कीव, खारेसान और खारकीव में हमले तेज रखे। इस दौरान खारकीव में जबदस्त तबाही की खबर है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने फिर से हुंकार भरी है। उन्होंने चेताते हुए कहा है कि जो भी उनके मुल्क में घुसेगा या फिर हमला करेगा, वह उसे कड़ा जवाब देंगे। साथ ही जो उन लोगों (यूक्रेनियों) का है, वह वे किसी और को नहीं देंगे।
वहीं, विदेशी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से कुछ समाचार चैनल्स ने बताया कि खारकीव में रक्षा विभाग के हेडक्वार्टर पर क्रूज मिसाइल अटैक किया गया है। इस बीच, खारकीव में रात भर की गई बमबारी में आठ लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में कौन-कौन (मुल्क आदि) शामिल था? यह फिलहाल साफ नहीं हो सका है।
इस बीच, विदेश मंत्रालय की ओर साफ किया गया है कि यूक्रेन में कोई भी भारतीय को बंधक नहीं बनाया गया है और न ही उन्हें इस बारे में जानकारी है। दरअसल, बुधवार को कुछ खबरों में दावा किया गया था कि यूक्रेन में कुछ भारतीय छात्र-छात्राओं को बंधक बना लिया गया है।
उधर, खबर है कि यूक्रेन की तरह सोवियत संघ का हिस्सा रहा जॉर्जिया यूरोपियन यूनियन में हिस्सा बन सकता है। बता दें कि आज रूस और यूक्रेन के बीच जंग का आठवां दिन है। पर युद्ध रूकने के आसार नहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
Russia और Ukraine के बीच नहीं थमा है विवाद, आठ दिन से जारी है जंगः यहां पाएं पूरे विवाद से जुड़े पल-पल के LIVE Updates
खारकीव में एक स्कूल की इमारत पर हमले की खबर है। हालांकि, इसमें फिलहाल किसी की मौत की खबर नहीं है। पर समझा जा सकता है कि युद्ध के आठवें दिन रूस किस कदर यूक्रेन में अपने हमले तेज कर चुका है।
अंतरराष्ट्रीय अपराध अदालत (आईसीसी) के मुख्य अभियोजक ने यूक्रेन में 2013 के बाद से हुए कथित युद्ध अपराधों, मानवता के खिलाफ अपराधों या नरसंहार के मामलों में बुधवार को जांच शुरू कर दी। रूस के हमले के बाद शुरू हुए संघर्ष भी इस जांच के दायरे में आएंगे।अभियोजक करीम खान ने बताया कि अदालत के 39 सदस्य देशों ने जांच का अनुरोध किया, जिसके बाद उन्होंने जांच शुरू की। जब सदस्य देश किसी मामले में जांच का अनुरोध करते हैं, तो इस प्रक्रिया को ‘रेफरल’ कहा जाता है।
खान ने एक बयान में कहा, ‘‘ इन रेफरल ने मेरे कार्यालय को 21 नंवबर, 2013 के बाद से यूक्रेन में स्थिति की जांच शुरू करने का अधिकार दे दिया है। इस जांच के दायरे में युद्ध अपराधों, मानवता के खिलाफ अपराध या किसी भी व्यक्ति द्वारा यूक्रेन के किसी भी हिस्से में किए गए नरसंहार के पुराने तथा मौजूदा आरोप शामिल होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘सबूत एकत्र करने का हमारा काम अब शुरू हो गया है।’’
यूक्रेन में फंसे छात्रों को लेकर भारतीय वायुसेना का चौथा विमान बुखारेस्ट से हिंडन एयरपोर्ट (उत्तर प्रदेश) पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने छात्रों का स्वागत किया।
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी का कहना है कि रूस के आक्रमण के बाद से सप्ताह में दस लाख शरणार्थी यूक्रेन से जा चुके हैं।
एएफपी ने यूक्रेनी अधिकारियों के हवाले से बताया कि रूस ने खेरसन शहर पर कब्जा कर लिया है।
यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस की विशेष उड़ान रोमानिया के बुखारेस्ट से मुंबई हवाई अड्डे पहुंची। MoS रेलवे रावसाहेब पाटिल दानवे ने यूक्रेन से भारत लौटे भारतीय नागरिकों के साथ बातचीत की।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में यूक्रेन-रूस मामले में शांति के लिए आर्ट गैलरी का आयोजन किया गया। इसमें युद्ध की समाप्ति को लेकर छात्रों ने इंस्टॉलेशन और पोट्रेट बनाकर प्रदर्शित किया और यूक्रेन में मारे गए भारतीय छात्र नवीन का पोर्ट्रेट बनाकर उसको श्रद्धांजलि अर्पित की।
यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर रोमानिया के बुखारेस्ट से इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पहुंची। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भारत लौटे लोगों का स्वागत किया।
हिंडन एयरपोर्ट पर भारतीय वायु सेना के C-17 जहाज से वापस आए भारतीय नागरिकों का स्वागत करने पहुंचे MoS अजय भट्ट ने कहा, यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए भारत सरकार पूरी कोशिश कर रही है और भारतीय वायु सेना के जहाज, प्राइवेट जहाज और कई जहाजों को लगातार सरकार भेज रही है।
MoS नागरिक उड्डयन जनरल (सेवानिवृत्त) वी. के. सिंह ने कहा, कुछ नागरिक अपने साथ चार पैर वाले अपने सबसे अच्छे दोस्तों को भी साथ में लाए। हमारे सभी भारतीय नागरिकों का भारतीय वायु सेना के C-17 ग्लोबमास्टर पर स्वागत है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी. एस. तिरुमूर्ति ने यूक्रेन के मुद्दे पर कहा, भारत यूक्रेन में बिगड़ते हालात को लेकर बेहद चिंतित है। खारकीव में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु पर हम उनके परिवार और इस संघर्ष में अपनी जान गंवाने वाले हर नागरिक के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
रूस-यूक्रेन के बीच कूटनीतिक समाधान के लिए भारत किसी का पक्ष नहीं ले रहा
भारत के प्रति अमेरिकी नीति पर अमेरिकी सीनेट समिति की सुनवाई के दौरान दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने कहा कि “रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारत ने कूटनीतिक समाधान की दिशा में काम करने वाला भागीदार बनने के लिए दोनों देशों में किसी का भी पक्ष नहीं लेने के अपने फैसले को बरकरार रखा है।
विश्व बैंक ने रूस और बेलारूस में सभी परियोजनाओं को रोका
विश्व बैंक ने रूस और उसके सहयोगी देश बेलारूस में अपनी सभी परियोजनाओं पर रोक लगा दी है।
कीव के दक्षिणी क्षेत्रीय इलाकों में स्थिति तनावपूर्ण: खेरसान के मेयर
द कीव इंडिपेंडेंट ने खेरसान के मेयर इगोर कोल्यखेव के हवाले से बताया है कि दक्षिणी क्षेत्रीय राजधानी में स्थिति तनावपूर्ण है क्योंकि रूसी सैनिक शहर में प्रवेश कर रहे हैं और प्रशासनिक भवनों पर कब्जा कर रहे हैं।
रूस की नाटो को चेतावनी
यूक्रेन से जंग के मद्देनजर रूस ने नाटो को चेतावनी दी है। रूस ने कहा है कि नाटो लगातार यूक्रेन को हथियार सप्लाई कर रहा है। इस बात की गारंटी नहीं कि हम नाटो को जवाब नहीं देंगे!
रूसी हमले में खारकीव के 21 लोगों की मौत, 112 घायल
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की के सलाहकार ओलेक्सी एरेस्टोविच ने कहा कि खारकीव में आज 21वीं सदी का स्टेलिनग्राद है। वहीं खारकीव के क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेग सिनेहुबोव ने कहा कि पिछले 24 घंटे में रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के 21 लोग मार दिए। जबकि उनके हमले में 112 घायल हो गए।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने छात्रा को मदद की
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यूक्रेन में फंसी भारतीय नागरिक सृष्टि को फ्लाइट में आगे की सीट पर भेजा और साथी यात्रियों से उसकी देखभाल करने को कहा। उसके लिगामेंट फट गए थे जिसके चलते वह बुखारेस्ट में फंस गई थी। वह ऑपरेशन गंगा के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिली थी।
भारतीय छात्रों को बनाया बंधक
मिली जानकारी के अनुसार भारतीय छात्रों को यूक्रेनी सुरक्षा बलों द्वारा उन्हें ह्यूमन शील्ड के रूप में इस्तेमाल करने और रूस पहुंचने से रोकने के लिए बंधक बनाया गया। इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से कीव अधिकारियों की है। रूसी दूतावस ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है।
जेलेंस्की बोले- दुनिया हमारे साथ, हम ही जीतेंगे
यूएनजीए में रूस के खिलाफ प्रस्ताव पर अभूतपूर्व मतदान होने के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि पूरी दुनिया हमारे साथ है, जीत हमारी ही होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की। दोनों ने यूक्रेन की स्थिति की समीक्षा की, विशेष रूप से खार्किव पर चर्चा की गई जहां कई भारतीय छात्र फंसे हैं। उन्होंने संघर्ष क्षेत्रों से भारतीयों की सुरक्षित निकासी पर चर्चा की।
केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि अगले 2 दिनों में कुल 3500 छात्र बुखारेस्ट से और लगभग 1300 छात्र सुसेवा से भारत के लिए रवाना होंगे।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, आज बुखारेस्ट (रोमानिया) से भारत के लिए 6 उड़ानें हैं। आज लगभग 1300 छात्र भारत के लिए यहां से निकल रहे हैं। पूरे कार्य को 4 भागों में बांटा गया है, पहला यूक्रेन से हमारे सभी छात्रों को पड़ोसी देशों की सीमाओं पर लाना, दूसरा उन्हें सीमा पार कराना, तीसरा हिस्सा उन्हें पड़ोसी देश की सीमा से हवाई अड्डों के लिए पर लाना और चौथा उन्हें सुरक्षित भारत पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।
EU ने रूस के समर्थक बेलारूस के 22 नागरिकों पर पाबंदी लगा दी है। अमेरिका और ब्रिटेन भी रूस पर कई पाबंदियां लगा चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के परिणामस्वरूप, हम भारतीय छात्रों को युद्ध क्षेत्र से निकाल रहे हैं। यूक्रेन से सभी भारतीय छात्रों को निकालने के प्रयास जारी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8:30 बजे यूक्रेन मुद्दे पर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
सरकार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायु सेना (IAF) के चार विमान लगभग 800 भारतीय नागरिकों के साथ आज रात 1.30 बजे से कल सुबह 8 बजे के बीच हिंडन एयरबेस पर उतरेंगे।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने यूक्रेन से स्लोवाकिया के कोसिसे पहुंचे भारतीय छात्रों से मुलाकात की। छात्रों ने कहा,”हम अपने देश लौटने के लिए उड़ान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।”
यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर एक विशेष विमान दिल्ली के हवाई अड्डे पहुंचा। केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने विमान से भारत पहुंचे लोगों का स्वागत किया।
क्या PM नरेंद्र मोदी आज रात फिर से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात करेंगे, इसके जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि पीएम कई देशों के नेताओं से बात कर रहे हैं। जब भी ऐसी बातचीत होती है तो हम आपके साथ साझा करते हैं। मैं पहले से कुछ नहीं कहना चाहूंगा।
बता दें विदेश मंत्रालय की ओर से तीन मार्च, 2022 को कहा गया कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है और किसी छात्र के बंधक बनाए जाने की स्थिति का सामना करने जैसी कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं मिली है। मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाये जाने की खबरों को लेकर मीडिया के सवालों पर यह बात कही।
उनके मुताबिक, ‘‘यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है । हम इस बात का संज्ञान लेते हैं कि यूक्रेन प्रशासन के सहयोग से कल कई छात्र खारकीव से बाहर निकल सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें किसी भारतीय छात्र को बंधक बनाने जैसी स्थिति का सामना करने की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।’’ बागची ने कहा कि हमने यूक्रेन प्रशासन से आग्रह किया है कि खारकीव एवं आसपास के क्षेत्रों से छात्रों को बाहर निकालकर देश के पश्चिमी हिस्से में ले जाने के लिये विशेष ट्रेन की व्यवस्था करें।
दरअसल, रूस ने बुधवार को कहा था कि उसके सशस्त्र बल यूक्रेन के खारकीव शहर से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाने को तैयार हैं। भारत में रूसी दूतावास के एक अधिकारी ने रूस के रक्षा मंत्रालय की ब्रीफिंग का ब्योरा साझा किया था।
