यूक्रेन ने पहली बार रूस की सीमा में घुसकर हमला बोला है। पिछले दो दिन से लगातार दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है। यूक्रेन ने कई इलाकों को टैंकों और बख्तरबंद गाड़ियों से घेर लिया है। रूस की ओर से भी जवाबी हमला किया जा रहा है। यूक्रेन के सैनिकों ने कुर्स्क (Kursk) इलाके में रूसी सीमा को तोड़ दिया। यूक्रेनी सैनिकों द्वारा घुसपैठ के बाद रूस के कुर्स्क इलाके में आपातकाल की घोषणा कर दी गई। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा फरवरी 2022 में यूक्रेन में अपनी सेना भेजे जाने के करीब ढाई साल बाद यह सबसे बड़ा हमला बताया जा रहा है।
कुर्स्क में आपातकाल की घोषणा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुर्स्क इलाके में भीषण युद्ध छिड़ गया है। यहां रूस ने आपातकाल की घोषणा कर दी है। कुर्स्क क्षेत्र के कार्यवाहक गवर्नर एलेक्सी स्मिरनोव ने कहा कि ये कदम क्षेत्र में आने वाले दुश्मनों के परिणाम को खत्म करने के लिए लिया गया है। बताया जा रहा है कि यूक्रेन की सेना पिछले दो दिनों से यहां लगातार हमले कर रही है। रूसी सेना ने दावा किया है कि लगभग 1,000 यूक्रेनी सैनिकों ने 6 अगस्त की सुबह टैंकों और बख्तरबंद वाहनों के साथ रूस की सीमा में घुसपैठ की। उसने पहले ही 100 सैनिकों को मार दिया है।
यूक्रेन को सता रही ये चिंता
यूक्रेन को अब अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर चिंता सता रही है। अगर डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति चुनाव जीत जाते हैं तो यूक्रेन को थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा सकता है। उसे चिंता है कि अमेरिका इसकी पहले की तरह मदद नहीं कर पाएगी। डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पहले ही बयान सामने आया था कि वह इस जंग को खत्म कर देंगे। ताजा हालात पर अमेरिका का बयान सामने आया है। अमेरिका ने कहा कि इस हमले के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। इस हमले के कारण को जानने के लिए यूक्रेनी सेना से संपर्क करने की योजना बनाई है।
गैस सप्लाई पर हो सकता है असर
यूक्रेन और रूस के बीच जारी जंग से प्राकृतिक गैस सप्लाई पर असर पड़ सकता है। यूक्रेन के ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सुदजा (Sudzha) के जरिए गैस ट्रांजिट अभी भी काम कर रहा है। दरअसल इसी इलाके से गैस सप्लाई की जाती है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के अधिकतर यूरोपीय देशों ने रूस पर प्राकृतिक गैस के लिए अपनी निर्भरता कम कर दी है लेकिन ऑस्ट्रिया अभी भी रूस पर निर्भर है। सुदजा में भयंकर लड़ाई से यूरोप में ट्रांजिट फ्लो के अचानक बंद होने की आशंका बढ़ गई है।