यूक्रेन की राजधानी कीव में एक भारतीय छात्र कथित तौर पर गोली लगने से घायल हो गया है। यह जानकारी शुक्रवार को नागर विमानन राज्य मंत्री वी के सिंह ने दी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘आज, हमें पता चला है कि कीव छोड़कर जा रहे एक छात्र को गोली लग गई है। उसे वापस कीव ले जाया गया है। युद्ध में ऐसा होता है।’’

वह आगे बोले कि केन्द्र सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। बता दें कि एक मार्च को यूक्रेन के खारकीव में गोली लगने से कर्नाटक के छात्र नवीन एसजी की मौत हो गई थी। वह घटना के वक्त अपने और साथी छात्रों के लिये भोजन लेने बाहर निकला गया था।

भारत, रूस के यूक्रेन पर हमला करने के बाद से युद्धग्रस्त देश में फंसे अपने नागरिकों को रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते स्वदेश ला रहा है, जबकि सिंह, इस समय युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए उसके पड़ोसी देश पोलैंड में हैं। मंत्री के अनुसार, छात्र कीव से भागने की कोशिश कर रहा था और गोलीबारी में घायल हो गया। उन्हें कथित तौर पर शहर में वापस ले जाया गया और वह अस्पताल में हैं।

पोलैंड के रेजजो हवाई अड्डे पर जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह ने एएनआई को बताया कि रिपोर्टे से जानकारी हुई है कि कीव छोड़ने वाले एक छात्र को गोली मार दी गई। उसे वापस कीव ले जाया गया और तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

1,700 छात्र अभी भी यूक्रेन में
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि केंद्र यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास कर रहा है कि कम से कम नुकसान के साथ अधिक से अधिक छात्र यूक्रेन से बाहर आ सकें। अभी करीब 1,700 छात्र अभी भी यूक्रेन से निकाले जाने का इंतजार कर रहे हैं।

6,000 से अधिक लोगों घर पहुंचे
विदेश मंत्रालय के अनुसार, एक पखवाड़े पहले जारी की गई एडवाइजरी के बाद से लगभग 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन की सीमा से बाहर जा चुके हैं। मंत्रालय का कहना है कि 6,000 से अधिक लोगों को घर वापस भेज दिया गया है।

भाजपा नेता का विवादित बयान
वहीं यूक्रेन में कर्नाटक के छाट नवीन की मौत के बाद आज उसका शव भारत लाया गया। इस दौरान मीडिया के सामने बातचीत में BJP विधायक अरविंद बेलाड ने विवादित बयान दे दिया। उन्‍होंने कहा कि 1 Dead Body की जगह फ़्लाइट में 8 लोग आ सकते हैं।