थाईलैंड के राजा माहा वाजीरालोंग्कोर्न ने बुधवार (1 मई 2019) को शाही गजट के जरिए अपनी गार्ड यूनिट की कमांडर सुथिदा से शादी करने का ऐलान किया है। 66 वर्षीय राजा वाजीरालोंग्कोर्न की यह चौथी शादी है। राजा वाजीरालोंग्कोर्न की तीन रानियों से उनके पांच बेटे और दो बेटियां हैं। राजा से शादी करने के बाद जनरल सुथिदा को रानी सुथिदा वजीरालॉन्गकोर्न न अयुतथा के नाम से जाना जाएगा। इन दिनों कुछ शाही समीक्षकों और विदेशी मीडिया में सुथिदा और वाजीरालोंग्कोर्न के रोमांस को लेकर काफी चर्चा है। हालांकि इससे पहले इनके रिश्ते को लेकर किसी तरह की खबर नहीं आई थी।

दरअसल, 44 वर्षिय सुथिदा का पूरा नाम सुथिदा तिदजई है, जोकि थाई एयरवेज में एक फ्लाइट अटेंडेंट रह चुकी हैं। साल 2014 में वाजीरालोंग्कोर्न ने पूर्व फ्लाइट अटेंडेंट सुथिदा को अपनी बॉडीगार्ड यूनिट का डेप्युटी कमांडर बनाया था। राजा ने दिसंबर 2016 में सुथिदा को एक पूर्ण सेनापति बनाया और 2017 में थानपुयिंग भी बनाया, जो एक शाही शीर्षक है जिसका अर्थ लेडी है।

बता दें कि 13 अक्टूबर, 2016 को पूर्व राजा भूमिबोल अदुल्यादेज का निधन हुआ था। भूमिबोल अदुल्यादेज दुनिया में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले राजा रहे थे। उनका निधन 88 वर्ष की उम्र में हुआ था। इसके बाद थाईलैंड के माहा वाजीरालोंग्कोर्न ने अक्टूबर, साल 2016 में ही देश की संसद से राजा बनने के प्रस्ताव को स्वीकार किया था। तब युवराज माहा वाजीरालोंग्कोर्न को राजा माहा वाजीरालोंग्कोर्न के नाम से जाना गया। चकरी राजवंश के 10वें सम्राट बनने वाले राजा वाजीरालोंग्कोर्न को ‘रामा 10’ के नाम से भी जाना जाता है।

बिजनेस न्यूज वेबसाइट ‘बिजनेस इनसाइडर’ के मुताबिक वाजीरालोंग्कोर्न दुनिया का सबसे अमीर सम्राट है, जिसने पिछले साल क्राउन प्रॉपर्टी ब्यूरो का पूर्ण स्वामित्व लिया था, जिसके पास कम से कम 42.6 बिलियन (डॉलर) की संपत्ति होने का अनुमान है।