ताइवान में चक्रवात रागासा ने तबाही मचा दी है। पूर्वी ताइवान के हुआलिएन (Hualien) काउंटी में पहाड़ों में स्थित एक झील के उफान पर आने और एक कस्बे में बाढ़ आने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई और 124 से ज़्यादा लोग लापता हैं। ताइवान से बचाव दल प्रभावित स्थानों पर पहुंच रहे हैं क्योंकि सुपर टाइफून रागासा जिसे 2025 का सबसे शक्तिशाली तूफान बताया जा रहा है, चीन के दक्षिणी तट की ओर बढ़ रहा है।
यह बैरियर लीक पूर्वी ताइवान के विरल आबादी वाले क्षेत्र में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से बनी थी। मंगलवार दोपहर को झील के किनारे टूट गए जिससे हुआलिएन काउंटी के पास के गुआंगफू कस्बे में पानी भर गया। बीबीसी की खबर के अनुसार,सुपर टाइफून रागासा ग्वांगडोंग प्रांत में दस्तक देने वाला है जहां 3,70,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और कई स्कूल और दुकानें बंद कर दिए गए हैं।
Taiwan Flood: बाढ़ प्रभावित लोगों को बाहर निकाला जा रहा
दामा गांव के मुखिया वांग त्से-आन ने रॉयटर्स को बताया कि उनका पूरा गांव जिसमें 1,000 से ज़्यादा लोग रहते हैं तूफ़ान के कारण बाढ़ में डूब गया है और कई अन्य लोग फंसे हुए हैं। वांग ने कहा, “अभी अफ़रा-तफ़री मची हुई है। हमें ज़रूरी सामान चाहिए जो इस समय नहीं पहुँच पा रहा है। सबसे ज़रूरी काम लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और उन्हें आश्रय स्थलों में पहुंचाना है।” ताइवान की राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी द्वारा जारी फुटेज में हुआलिएन काउंटी में सड़कों पर पानी भरा, वाहन डूबे और पेड़ उखड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पूरे ताइवान में, तूफान के कारण 7,600 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
पढ़ें- पहाड़ों में तो भूटान भी बसा, लेकिन वहां क्यों उत्तराखंड-हिमाचल जैसी तबाही नहीं होती?
चक्रवात रागासा सोमवार को अपने उच्चतम बिंदु पर 285 किमी/घंटा (177 मील प्रति घंटे) तक की तेज़ हवाएं चलीं। तूफान के कारण इस हफ़्ते पूरे क्षेत्र में भूस्खलन, बाढ़ और तूफ़ानी लहरें उठीं। हुआलिएन काउंटी अग्निशमन विभाग के उप प्रमुख ली लुंग-शेंग के अनुसार, “कुछ जगहों पर पानी अस्थायी रूप से एक घर की दूसरी मंज़िल तक पहुंच गया था और शहर के केंद्र में लगभग एक मंज़िल तक पहुंच गया था,फिलहाल पानी घट रहा है।”
रागासा ने ताइवान पहुंचने से पहले उत्तरी फ़िलीपींस को तबाह कर दिया था, जिससे तेज़ हवाओं और लगातार बारिश के कारण हज़ारों लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ा था। ताइवान ने जुलाई में भी इसी तरह की आपदा का सामना किया था, जब 20 इंच से ज़्यादा बारिश के बाद तूफान दाना के चलते दो लोगों की जान चली गयी थी और सैकड़ों लोग घायल हो गए थे।