भारतीय मूल के व्यक्ति को मुद्रा-परिवर्तक से लूटपाट करने के मामले में सात साल कैद और 12 बार बेंत से पीटने की सजा दी गई है। द स्ट्रेट टाइम्स के अनुसार 28 वर्षीय रवि संधीरा सागरन ने गुरुवार को 35 वर्षीय अली यूसुफ साइबू के साथ पांच नवंबर 2014 को 6,24,036 सिंगापुरी डालर और विदेशी मुद्रा की लूटपाट करने का अपराध स्वीकार कर लिया। इस मामले के चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। इस दौरान एक दूसरे आरोप पर भी गौर किया गया। यह आरोप पार्किंग स्थल से कार चुराने के लिए कई लोगों के साथ मिलकर साजिश रचने का था। इन साजिशकर्ताओं में 29 वर्षीय तचाना मूर्ति पेरोेमल और 43 वर्षीय अन्नादुरई रमन शामिल थे। तचाना और अन्नादुरई पर लगे आरोप की सुनवाई अगले माह होगी।

सहायक सरकारी वकील तान सू टेट ने कहा कि सागरन को लूट में हिस्सा दिए जाने का वादा किया गया था, इसके बाद वह इन लोगों के साथ मिल गया था। सागरन और उसके साथियों ने साइबू की कार का पीछा किया और पार्किंग स्थल में उसे रोक दिया। साइबू के साथ उनका दो साल का बेटा भी था। साइबू ने कार के दरवाजों में लाक लगा दिया लेकिन इनमें से एक व्यक्ति ने छड़ से कार की खिड़की तोड़ दी। फिर एक अन्य व्यक्ति ने साइबू को बाहर खींचा और पीटा। सागरन को 12 नवंबर, 2014 को गिरफ्तार किया गया था लेकिन धन की बरामदगी अभी की जानी है।