श्रीलंका में आर्थिक संकट के बीच लोगों का प्रदर्शन जारी है। पिछले तीन दिनों से प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन पर कब्जा जमाए हुए हैं। राष्ट्रपति भवन के अन्दर मीडिया सहित हजारों लोग मौजूद हैं। वहीं राष्ट्रपति भवन में एक सुरंग पाया गया है। साथ ही भारत ने श्रीलंका में सेना भेजने की मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया है।

समाचार चैनल इंडिया टीवी की रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका के राष्ट्रपति भवन में सीक्रेट टनल पाया गया है। प्रदर्शनकारी इस टनल तक पहुंच गए हैं। वहीं ये दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रपति राजपक्षे इसी सीक्रेट टनल से भागने में कामयाब रहे थे और ये भी दावा किया गया है कि इसी टनल में लोगों को टॉर्चर किया जाता था। पिछले तीन दिनों से हजारों प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन के अन्दर रह रहे हैं।

वहीं श्रीलंका में मौजूद भारतीय उच्चायोग ने कोलोंबो में सेना भेजने की ख़बरों का खंडन किया है और इसे निराधार बताया है। भारतीय उच्चायोग ने साफ़ किया कि ये रिपोर्ट और ऐसे विचार भारत सरकार की स्थिति के अनुरूप नहीं है।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने सोमवार सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक की। श्रीलंकाई राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे द्वारा इस्तीफे की जानकारी पाने के बाद श्रीलंकाई प्रधानमंत्री ने ये बैठक की है। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। श्रीलंका के पीएमओ ने बताया कि बैठक में भाग लेने वाले सभी मंत्रियों की राय थी कि जैसे ही सर्वदलीय सरकार बनाने का समझौता होता है, वे अपनी जिम्मेदारी उस सरकार को सौंपने के लिए तैयार हैं।

श्रीलंका के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की निंदा करने वाले नारे कोलंबो में राष्ट्रपति भवन की दीवारों पर प्रदर्शनकारियों द्वारा लिखे जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आवास पर आना-जाना जारी है। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति आवास की सारी चीजों का उपयोग कर रहे हैं और प्रदर्शनकारियों ने मीडिया से कहा है कि जबतक आर्थिक हालात नहीं सुधरते, वह वहीं पर रहेंगे। प्रदर्शनकारियों ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति को भ्रष्टाचारी भी कहा।

वहीं आर्थिक संकट के बीच श्रीलंकाई क्रिकेटर सनथ जयसूर्या ने उम्मीद जताई है कि स्थिर सरकार के बाद सभी मित्र देश श्रीलंका की मदद करेंगे। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “एक स्थिर सरकार के बाद आईएमएफ, भारत और सभी मित्र देश श्रीलंका की मदद करेंगे। भारत ने संकट की शुरुआत से ही काफी मददगार होते हुए सहयोग दिया है और हम उनके आभारी हैं। श्रीलंका के लिए भारत बड़ी भूमिका निभा रहा है।”