श्रीलंका में भूस्खलन के बाद मलबे में फंसे शवों को निकालने में राहतकर्मी जुटे हुए हैं। भारी बारिश से आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या रविवार (22 मई) को बढ़कर 80 के पार चली गई। 118 लोग अब भी लापता हैं। इस बीच, भारत सहित पूरे विश्व ने लाखों विस्थापितों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है।
श्रीलंका में पिछले सप्ताह भारी बारिश हुई जिससे भूस्खलन की घटनाओं में कई लोग दब गए। श्रीलंकाई सेना और अन्य राहत दलों ने सबसे ज्यादा प्रभावित केगाले जिले में शनिवार (21 मई) देर रात 13 और शव निकाले। आपदा प्रबंधन केंद्र ने कहा कि भूस्खलन में मरने वालों की संख्या 84 हो गई जबकि 118 अब भी लापता हैं।
केंद्र के प्रवक्ता प्रदीप कोडिपिली ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन से देशभर में करीब तीन लाख 40 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि राहतकर्मी कुछ प्रभावित क्षेत्रों में अब पहुंचे हैं।