दक्षिण सूडान में बंदूकधारियों ने संयुक्त राष्ट्र के बेस के भीतर शरण लिये नागरिकों पर गोलियां चलायी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बुधवार (17 फरवरी) की रात उत्तरपूर्व में मालकल स्थित बेस में गोलीबारी हुयी। खबरों के मुताबिक गुरुवार (18 फरवरी) सुबह तक गोलीबारी जारी थी। बेस के भीतर से एक बाशिंदे जैकब निहाल ने बताया, ‘‘उनलोगों ने सात लोगों की हत्या कर दी और एक बच्चे सहित 32 लोग घायल हुए।’’

विद्रोहियों ने गोलीबारी की खबर दी है लेकिन मारे गए लोगों की संख्या के बारे में स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं हो पायी है। मालकल बेस के भीतर 47,500 से ज्यादा लोग रहते हैं। निहाल ने बताया, ‘‘उन्होंने कलाशिनिकोव और मशीनगन बंदूकों का इस्तेमाल किया। स्थिति बेहद तनावपूर्ण है। लोग छिपे हुए हैं।’’ फिलहाल, यह पता नहीं चला है कि बंदूकधारी कौन थे। मालकल में सरकार का नियंत्रण है लेकिन बागियों के नियंत्रण वाला इलाका भी करीब है।