Tunisia में रह रहे भारत के एक बीमार शख्स की मदद के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सिविल एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य को एक SOS भेजा है। उनकी अपील है कि सिंधिया इस व्यक्ति को भारत बुलवाने का काम तत्परता से करें, जिससे उनका बेहतर उपचार किया जा सके। उन्होंने सिंधिया से निजी तौर पर इस मामले को देखने की गुजारिश की है, जिससे काम तेजी से हो सके।
जितेंद्र सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि जम्मू का निवासी शख्स किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित है। लेकिन ट्यूनिशिया की एयर लाइंस उसे भारत नहीं पहुंचा पा रही है, क्योंकि उसके पास फ्लाईट में उस तरह के चिकित्सा उपकरण नहीं हैं जो इतने लंबे रास्ते में मरीज की देखभाल की जा सके। उन्हें लगता है कि अगर बीमार शख्स को इतना लंबा सफर करना पड़ा तो उसकी जान को खतरा हो सकता है। लिहाजा जितेंद्र सिंह ने सिंधिया से ये अपील की है कि जम्मू के शख्स की सहायता की जाए।
केंद्रीय राज्य मंत्री का कहना है कि उन्हें रमन कौशल का पत्र मिला है। इसमें लिखा है कि उनका 35 साल का बेटा आदित्य किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित है। वो भारत में आकर उसका इलाज कराना चाहते हैं। ये सारे लोग जम्मू के रहने वाले हैं। उनकी इच्छा है कि वो अपने परिजनों के पास आकर आदित्य का इलाज कराएं।
उनका कहना है कि ट्यूनिशिया से भारत का सफर लगभग 14 घंटे का है। इस सेक्टर में केवल विदेशी एयर लाइंस की काम कर रही हैं। वो इस तरह के मरीजों को लाने ले जाने से गुरेज करती हैं, क्योंकि उन्हें उसकी मौत का अंदेशा हमेशा बना रहता है। उनका कहना है कि उनका दफ्तर लगातार आदित्य के परिवार के संपर्क में है। वो उनकी मदद करने की कोशिश में हैं। आदित्य के पिता की चिट्ठी लिखने के बाद ही वो सिंधिया की मदद मांग रहे हैं।
ध्यान रहे कि जितेंद्र सिंह पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के राज्यमंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय, परमाणु ऊर्जा विभाग तथा अंतरिक्ष विभाग के राज्यमंत्री हैं। वो 2014 के चुनावों में वे जम्मू और कश्मीर की उधमपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए थे।