गरीबी के खिलाफ काम करने वाली संस्था ऑक्सफैम ने एक रिपोर्ट जारी की है। इसके मुताबिक दुनिया की आधी दौलत केवल 62 लोगों के पास है। इनमें से 53 पुरुष और 9 महिलाएं हैं। इन 62 लोगों के पास इतनी संपत्ति है जितनी दुनिया की करीब आधी आबादी (3.6 अरब) के पास है।
जो लोग सबसे अमीर हैं, उनमें से केवल एक प्रतिशत के पास ही बाकी 99 प्रतिशत लोगों के बराबर दौलत है। इस तरह अमीर और गरीब की खाई इतनी तेजी से बढ़ रही है जितना किसी ने सोचा भी नहीं था। साल 2010 में 388 अमीर लोगों के पास दुनिया की आधी आबादी के बराबर दौलत हुआ करती थी। लेकिन अब केवल 62 लोगों के पास इतनी दौलत आ गई है।
इन लोगों के पास एक खरब डॉलर यानी करीब 65 खरब रुपए की संपत्ति है। दौलत के मामले में इतनी बड़ी असामनता जाहिर करने वाली यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब दुनिया भर के नेता दावोस में इकट्ठा होने वाले हैं। 20 से 23 जनवरी के बीच वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम में ये नेता गरीबी कम करने और विकास की रफ्तार तेज करने पर बातचीत करेंगे।

