सिएरा लियोन के एक राजनयिक का नाइजीरिया में अपहरण हो गया है। सुरक्षा अधिकारियों ने पश्चिमी अफ्रीकी देश में हुए इस ताजा अपहरण की पुष्टि की है। नाइजीरिया में सिएरा लियोन के उप-उच्चायुक्त अल्फ्रेड नेल्सन-विलियम्स सड़क मार्ग से राजधानी अबुजा से उत्तरी शहर कदुना की ओर जा रहे थे, उसी दौरान उनका अपहरण हो गया।
कदुना के राज्य सुरक्षा अधिकारी युसूफ यकुबा सोजा ने कहा, ‘अबुजा से कदुना जाने के रास्ते में उनका अपहरण हुआ। वह कदुना के पास जाजी में आर्म्स फोर्सेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में सैन्य अधिकारियों के पासिंग आउट परेड में शामिल होने जा रहे थे।’
सोजा ने कहा, ‘हम अभी भी अपहरण के दौरान की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। हम यह पता करने का प्रयास कर रहे हैं कि उनके साथ सुरक्षा एस्कॉर्ट था या नहीं और उनके साथ क्या हुआ।’
नाइजीरिया में अपहरण बहुत सामान्य बात है। यहां धनी और शक्तिशाली लोग सामान्य तौर पर बुलेटप्रूफ कारों में चलते हैं और डकैतों से बचने के लिए सेना और पुलिस की सुरक्षा लेते हैं।