श्रीदेवी की असामयिक मौत के कुछ ही देर पहले उनके पति बोनी कपूर उन्हें कैंडिल लाइट डिनर पर ले जाने वाले थे, पर श्रीदेवी अपनी अनंत यात्रा पर निकल चुकी थीं। दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने कपूर फैमिली के एक विश्वस्त सूत्रों के हवाले से बताया कि बोनी कपूर मुंबई से शनिवार (24 फरवरी) शाम करीब साढ़े पांच बजे दुबई आ गए थे। इसके बाद वे जुमैरा एमिरेट्स टावर होटल में श्रीदेवी के कमरे में पहुंचे और उन्हें सरप्राइज दिया। बोनी कपूर उन्हें डिनर पर ले जाने वाले थे।
बोनी कपूर ने सोती हुई श्रीदेवी को जगाया, दोनों ने 15 मिनट तक बातें की। इसके बाद बोनी ने श्रीदेवी को डिनर पर चलने को कहा। श्रीदेवी बाथरूम गईं। बाहर बोनी कपूर इंतजार कर रहे थे। 15 मिनट गुजर गए, पर श्रीदेवी बाथरूम से बाहर नहीं आईं। बोनी कपूर ने बाथरूम का दरवाया खटखटाया। लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। अब बोनी कपूर घबरा गए। उन्हें दरवाजे को तोड़ना पड़ा। अंदर का दृश्य देखकर बोनी कपूर हैरान हो गए। श्रीदेवी पानी से भरे बाथटब में स्थिर पड़ी हुई थीं। उन्होंने श्रीदेवी को झकझोरा और उन्हें होश में लाने की कोशिश की। लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने अपने एक दोस्त को फोन किया। फिर रात स्थानीय समय के मुताबिक लगभग 9 बजे उन्होंने पुलिस को इस घटना की सूचना दी।
तुरंत ही पुलिस और पैरामेडिक्स की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन श्रीदेवी को होश नहीं लाया जा सका। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया। अब दुबई से मुंबई उनके पार्थिव शरीर को लाया जा रहा है। दुबई में अस्पताल के बाहर भी श्रीदेवी के दर्जनों फैन्स जमा हैं।
Grief-stricken #Sridevi fans throng #Dubai forensic centre for hours https://t.co/IvEAaJt2ge pic.twitter.com/C2DWJYzrTr
— Khaleej Times (@khaleejtimes) February 26, 2018
