Britain Former PM Liz Truss: पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री लिज ट्रस का निजी फोन रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए काम कर रहे संदिग्ध एजेंट्स ने हैक कर लिया था। यह घटना तब हुई थी जब लिज ब्रिटेन की विदेश मंत्री थीं। ब्रिटेन के प्रमुख न्यूज प्लेटफॉर्म डेली मेल ने शनिवार (29 अक्टूबर) को इस बात की जानकारी दी।

रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंट्स ने लिज ट्रस के फोन को हैक कर उनके करीबी दोस्त क्वासी क्वार्टेंग के साथ हुए संदेशों के आदान-प्रदान और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ बातचीत की टॉप सीक्रेट डिटेल तक पहुंच बनाई थी। इसके अलावा यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद ट्रस और अन्य देशों के विदेश मंत्रियों के साथ उनकी बातचीत भी इसमें शामिल है। इसमें यूक्रेन में भेजे जाने वाले हथियारों के शिपमेंट से लेकर कई अहम जानकारियां थीं। डेली मेल ने कहा कि विदेशी हाथों में पड़ने वाले संदेशों में ट्रस और क्वार्टेंग द्वारा जॉनसन की आलोचना शामिल है।

दो महीने पहले हैकिंग का पता चला: उन संदेशों में विदेश मंत्रियों के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध के संबंध में ट्रस की बातचीत शामिल थी। डेली मेल ने अज्ञात सूत्रों के हवाले से लिखा कि हैकर्स ने लिज ट्रस के करीब एक साल तक के संदेशों को डाउनलोड किया। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री को फोन हैक होने का पता दो महीने पहले ही चला। उस दौरान लिज ट्रस प्रधानमंत्री बनने के लिए चल रहे नेतृत्व अभियान का हिस्सा थीं। बाद में वह प्रधानमंत्री भी बनीं, हालांकि एक महीने बाद ही उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा।

प्रधानमंत्री पद से दिया इस्तीफा: हालांकि, ब्रिटिश सरकार के एक प्रवक्ता ने व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। प्रवक्ता ने कहा, “साइबर खतरों से बचाव के लिए सरकार के पास मजबूत प्रणालियां हैं। इसमें मंत्रियों के लिए नियमित सुरक्षा ब्रीफिंग और उनके व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा और साइबर खतरों से बचने की सलाह शामिल है।” डेली मेल ने बताया कि हैक का पता कंजर्वेटिव पार्टी के नेतृत्व अभियान के दौरान चला।

गौरतलब है कि लिज ट्रस ने पद संभालने के 6 हफ्ते बाद ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का पद छोड़ दिया था। जिसके बाद ऋषि सुनक नए पीएम बने। लिज उन्होंने कहा कि मैं वो नहीं कर पाई, जिसके आधार पर मुझे कंजरवेटिव पार्टी ने चुना था।