रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को अपने देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वैगनर ग्रुप के सैन्य कमांडरों और सैनिकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने रूस के लोगों को उनके “धीरज, एकता और देशभक्ति” के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि वैगनर की अधिकांश सैनिक “देशभक्त” हैं। हालांकि उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस में ब्लैकमेल करने या अशांति फैलाने का कोई भी प्रयास “विफल ही होना है।”

व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि उनके सभी फैसले रूस में बड़े पैमाने पर रक्तपात से बचने के लिए किये गए। उन्होंने कहा कि रूस के दुश्मन चाहते थे कि रूसी लोग एक दूसरे को मारें। वो चाहे कीव में नीयो-नाज़ी हों या उनके पश्चिमी आका या रूस में मौजूद राष्ट्रीय गद्दार, इन सब की यही मंशा है।

बता दें कि रूसी राष्ट्रपति अकसर यह आरोप लगाते रहे हैं कि यूक्रेन की सरकार को नाजियों द्वारा चलाया जाता है। दरअसल इसकी वजह से यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की का यहूदी होना है। रूस के राष्ट्रपति ने देशवासियों को अपने संबोधन में कहा कि वो लोग चाहते हैं कि रूस के सैनिक एक दूसरे को मारें।

यूक्रेन को 50 करोड़ डॉलर की मदद करेगी अमेरिका

‘पेंटागन’ की तरफ से यूक्रेन को 50 करोड़ डॉलर की सैन्य सहायता देने का ऐलान किया गया है। इस सहायता में 50 से अधिक भारी बख्तरबंद वाहन और एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलें शामिल हैं। अमेरिका के अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि उनकी रूस में हो रही डेवलपमेंट पर नजर है।

उन्होंने बताया कि यूक्रेन को दी जा रही सहायता का मकसद जवाबी हमले करने के लिए उसकी क्षमता को मजबूत करना है। अमेरिका द्वारा इस पैकेज की घोषणा मंगलवार को की जा सकती है। बता दें कि पिछले साल फरवरी में यूक्रेन पर रूस ने आक्रमण किया था। तब से यह 41वीं बार होगा, जब अमेरिका राष्ट्रपति कीव को हथियार और सैन्य उपकरण देने की घोषणा करेंगे।

क्या-क्या भेजेगा अमेरिका

अमेरिकी अधिकारियों की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, यूक्रेन को हाई-मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम और पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के लिए मिसाइलों के साथ-साथ यूक्रेन को 30 ब्रैडली लड़ाकू वाहन और 25 बख्तरबंद स्ट्राइकर वाहन दिए जाएंगे।। अमेरिकी मदद में जेवलिन एवं हाई-स्पीड एंटी-रेडिएशन मिसाइलें भी शामिल हैं।