रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UN Security Council) में इतने नाराज हुए कि बैठक से उठकर चले गए। वॉक आउट से पहले उन्होंने यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई को सही ठहराया और अंत में राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के लिए अपशब्द का इस्तेमाल कर निकल गए।
यूक्रेन के मंत्री ने रूसी विदेश मंत्री को जवाब देते कहा, ‘रूसी राजनयिक भी रूसी सैनिकों की तरह जल्दी भाग जाते हैं’ UNSC की बैठक में अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और अन्य देशों ने यूक्रेन पर आक्रमण के लिए रूस की कड़ी निंदा की है।
आलोचना से भागे विदेश मंत्री?
22 सितंबर, 2022 को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचे थे। बैठक के दौरान उन्होंने यूक्रेन में हुए अत्याचारों पर किसी का भी पक्ष सुनने से इनकार कर दिया।
लावरोव का साफ कहना था कि साल 2014 में ही ‘कट्टरपंथी ताकतों’ और ‘नव-नाजियों’ ने पश्चिमी देशों के प्रत्यक्ष समर्थन से यूक्रेन में सशस्त्र तख्तापलट कर दिया था। रूस ने यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की पर पश्चिमी देशों के सैन्य समर्थन से संघर्ष को लंबा खींचने का आरोप लगाया है।
सुरक्षा परिषद की एक विशेष विदेश मंत्री-स्तरीय बैठक में बोलते हुए लावरोव ने, कीव पर अपने देश की सुरक्षा को खतरे में डालने और रूसियों के अधिकारों को रौंदने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह तथ्य केवल इस बात की पुष्टि करता है कि विशेष सैन्य अभियान चलाने का निर्णय अनिवार्य था। अपना भाषण समाप्त करने के बाद लावरोव बैठक से सीधे बाहर चले गए।
अमेरिका ने उठाया सवाल
सुरक्षा परिषद की बैठक में अमेरिका ने यूक्रेन में जारी संघर्ष के लिए रूस की कड़ी आलोचना की है। अमेरिका के विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन ने कहा है कि रूस तनाव को बढ़ा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था ध्वस्त हो रही है।