Russia Attack On Kherson: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग अब और भीषण हो गई है। रूस ने दावा किया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जान से मारने की नीयत से क्रेमलिन पर ड्रोन हमले किए गए हैं। इसके बाद रूस ने यूक्रेन के खेरसान और कीव कर हवाई हमले किए। इन हमलों में 21 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 50 से अधिक लोग घायल हो गए। रेलवे स्टेशन और एक सुपरमार्केट में हुए हमले में जानमाल का काफी नुकसान हुआ है।

जेलेंस्की ने ट्वीट की हमले की तस्वीरें

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) ने हमले की तस्वीरें ट्वीट कर कहा कि दुनिया इस तबाही को देखे। तस्वीरों में सुपरमार्केट में फर्श पर खून नजर आता है। हमले में मारे गए लोगों को शव और घायलों को इलाज करते बचावकर्मी दिखाई दे रहे हैं। इस हमले में सुपरमार्केट को भी काफी नुकसान हुआ है। खेरसान और आसपास के इलाकों में लगातार हवाई हमले हो रहे हैं। जेलेंस्की ने ट्वीट कर कहा कि दुनिया को यह हमला देखने और जानने की जरूरत है।

बता दें कि पिछले 14 महीने से रूस और यूक्रेन के बीच लड़ाई जारी है। रूस ने एक समय यूक्रेन के शहर खेरसान पर कब्जा कर लिया था। हालांकि पिछले साल नवंबर में अपने सैनिकों को खेरसान से वापस हटा लिया। खेरसान बॉर्डर इलाका होने के कारण रणनीतिक रूप से भी काफी अहम है।

क्रेमलिन पैलेस पर हुआ था हमला

रूप ने बुधवार को दावा किया था कि राष्ट्रपति पुतिन के आधिकारिक आवास क्रेमलिन पैलेस (Kremlin Palace) पर यूक्रेन ने दो ड्रोन हमले किए थे। हालांकि मिलिट्री एंड स्पेशल सर्विसेज ने रडार युद्ध प्रणाली का उपयोग करके उसको नाकाम कर दिया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। आरआईए समाचार एजेंसी ने कहा कि पुतिन उस समय क्रेमलिन में नहीं थे। वह मॉस्को के बाहर अपने नोवो ओगारियोवो (Novo Ogaryovo) निवास पर काम कर रहे थे।