Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को सात महीने हो गए हैं। इस बीच पश्चिमी देशों से भी रूस के संबंधों में और ज्यादा कड़वाहट आ गई। इन्हीं सब के बीच रूस ने कड़ा रुख अख्तियाकर किया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार (21 सितबंर, 2022) सेना को मोबिलाइज करने का आदेश दिया है। बता दें, द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यह पहला मौका है, जब रूस अपनी सेना को मोबिलाइज करेगा। उन्होंने 3 लाख रिजर्व सैनिकों को तुरंत तैनात करने को कहा है।
राष्ट्र के नाम संबोधन में व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका और नाटो को परमाणु युद्ध की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि अगर पश्चिमी देश परमाणु हथियारों के इस्तेमाल को लेकर ब्लैकमेल करेंगे तो रूस भी अपनी मिसाइलों के जरिए पूरी ताकत से जवाब देगा। पुतिन ने यह भी कहा कि यह कोई झांसा नहीं है, हम रूसी नागरिकों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।
इससे एक दिन पहले ही पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन में रूसी कब्जे वाले इलाकों की तरफ से रूस के अभिन्न अंग बनने पर वोटिंग करने की योजना की घोषणा की गई थी। ऐसे में आने वाले दिनों में खेरसॉन, ज़ापोरिज़िया, डोनेट्स्क और लुहान्स्क में रहने वाले लोग रूस में शामिल होने पर वोट करेंगे। इस इलाके में रूसी भाषी लोगों की संख्या काफी ज्यादा है। इन इलाकों पर रूस के कब्जे का मतलब यूक्रेन का आर्थिक रूप से तबाह होना है। रूस के कब्जाए इलाके में यूक्रेन के दो औद्योगिक शहर, यूरोप का सबसे बड़ा परमाणु संयंत्र और हजारों किलोमीटर की जमीन आ गई है।
रूसी राष्ट्रपति ने सेना के मोबिलाइजेशन की डिक्री पर हस्ताक्षर करते हुए कहा कि अगर हमारे देश की क्षेत्रीय अखंडता को खतरा पैदा होता है तो हम अपने लोगों की सुरक्षा के लिए हमारे पास जो भी साधन हैं, हम उनका उपयोग करेंगे। पुतिन ने कहा कि हमारा लक्ष्य पूर्वी यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र को मुक्त करना था। पूर्वी यूक्रेन के लोग कीव के शासन के अंतर्गत नहीं रहना चाहते थे।
पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में रूस की सहायता के लिए और सैनिकों को तैनात करेंगे। उन्होंने कहा कि पहली बार में ट्रेनिंग और अनुभवी सैनिकों को मोर्चे पर भेजा जाएगा। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस पूर्वी यूक्रेन के रूसी भाषी लोगों को सुरक्षा देने के लिए सब कुछ करेगा। उन्होंने इन लोगों को हर संभव मदद देने का भी ऐलान किया। रूस पहले से ही यूक्रेन से आ रहे लोगों को हर तरह की सुविधा मुहैया करा रहा है।