Queen elizabeth funeral: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार समारोह के दौरान प्रिंस एंड्रयू और प्रिंस हैरी के सैन्य वर्दी न पहनने की काफी चर्चा है। दरअसल सोमवार(19 सितंबर) को शाही परिवार के कई सदस्यों को महारानी के अंतिम संस्कार समारोह के दौरान सैन्य वर्दी पहने देखा गया। इस दौरान किंग चार्ल्स तृतीय, प्रिंसेस ऐनी, प्रिंस एडवर्ड और प्रिंस विलियम भी सैन्य वर्दी में दिखाई दिए।

बता दें कि बीते आठ सितंबर को महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 96 साल की उम्र में स्कॉटलैंड में निधन हो गया था। वहीं 19 सितंबर को महारानी का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार से जुड़ी प्रक्रिया वेस्टमिंस्टर हॉल से वेस्टमिंस्टर एबे तक एक जुलूस के साथ शुरू हुई। इस दौरान शाही परिवार के सैन्य रैंक रखने वाले सदस्यों को सैन्य वर्दी में देखा गया।

वहीं प्रिंस हैरी और एंड्रयू दोनों को सैन्य वर्दी में नहीं देखा गया। बता दें कि दोनों अब वरिष्ठ कामकाजी राजघरानों में शामिल नहीं है। ऐसे में अंतिम संस्कार समारोह के दौरान वे गहरे रंग के सूट दिखाई दिए। अपने चचेरे भाई प्रिंस हैरी के साथ चलने वाले और कोई सैन्य रैंक न रखने वाले पीटर फिलिप्स ने एक सूट पहना था। दरअसल इन्होंने खुद को शाही जिम्मेदारियों से अलग कर लिया था ऐसे में उन्हें सैन्य पोशाक पहनने की अनुमति नहीं है।

रॉयल वॉल्ट में दफनाने की परंपरा:

गौरतलब है कि शाही परिवार के मृतकों को विंडसर कैसल के रॉयल वॉल्ट में दफनाने की परंपरा है। दरअसल रॉयल वॉल्ट ब्रिटेन के शाही परिवार में काफी विशेष स्थान रखता है। इस वॉल्ट में अबतक शाही परिवार के दो दर्जन से ज्यादा लोगों को रीति रिवाज से दफनाया गया है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप को भी यहीं दफनाया गया है।

बता दें कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के ताबूत को घोड़ों वाली तोपगाड़ी संग विंडसर कैसल ले जाया गया। गौरतलब है कि महाराजा चार्ल्स तृतीय पूरे अंतिम संस्कार समारोह के दौरान मेडल के साथ औपचारिक वर्दी में दिखाई दिए। उनके हाथों में लाल मखमल और सोने के फील्ड मार्शल बैटन दिखा। यह बैटन उन्हें महारानी ने 2012 में प्रदान किया था।