अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में माने जाते हैं, जिनके पास इस पद पर पहुंचने से पहले भी काफी संपत्ति रही है। सिर्फ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और खाड़ी देशों के नेताओं की संपत्ति ही उनसे ज्यादा आंकी जाती रही है। ऐसे में कई बार सवाल उठता है कि ट्रंप की पत्नी और अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उनकी बेटी इवांका ट्रंप की संपत्ति में कितना फर्क है।

क्या है मेलानिया ट्रंप की कुल नेटवर्थ?: डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप की संपत्ति अभी 38.6 मिलियन पाउंड (करीब 380 करोड़ रुपए) आंकी जाती है। अमेरिका की फर्स्ट लेडी बनने से पहले उनके कई सफल बिजनेस वेंचर रहे थे। बताया जाता है कि मेलानिया 1998 में डोनाल्ड ट्रंप से मिली थीं, तब वे एक लोकप्रिय मॉडल थीं। मेलानिया ने वोग, वैनिटी फेयर और न्यूयॉर्क मैगजीन के लिए मॉडलिंग कर के अपने आप को स्थापित किया।

मेलानिया ने मॉडलिंग करियर के साथ उन्होंने अपने बिजनेस भी लॉन्च किए। उनका ज्वैलरी कलेक्शन- मेलानिया टाइमपीसेज भी काफी आलीशान ब्रांड के तौर पर पहचाने जाते हैं। इतना ही नहीं मेलानिया ने एक स्किन केयर कलेक्शन भी लॉन्च किया था, जो कि स्किनकेयर उत्पादों के साथ एंटी-एजिंग उत्पाद भी बेचता है।

इवांका ट्रंप की कितनी है नेटवर्थ?: डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका अपनी सौतेली मां मेलानिया से काफी अमीर हैं। फोर्ब्स मैगजीन के मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 289 मिलियन पाउंड्स (करीब तीन हजार करोड़ रुपए) के आसपास है। यानी मेलानिया के मुकाबले तकरीबन 10 गुना। इवांका ने भी अपना करियर मॉडल के तौर पर ही शुरू किया था, पर बाद में बिजनेस शुरू किया।

इवांका अपने पिता ट्रंप के बिजनेस और उनकी कंपनी में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट रह चुकी हैं। बताया गया है कि इस दौरान ही उन्होंने 27 मिलियन पाउंड्स (करीब 265 करोड़ रुपए) कमाए। वे ट्रंप होटल में इंटीरियर डिजाइनिंग का जिम्मा भी संभालती हैं।