प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय फ्रांस दौरा कई मायनों में खास रहा है। रक्षा से लेकर कई दूसरे क्षेत्रों को लेकर अहम समझौते हुए हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की तरफ से एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। उस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दोनों पीएम मोदी और मैक्रों द्वारा कुछ बड़े ऐलान किए गए।
पीएम मोदी ने बड़ी बात करते हुए कहा कि रक्षा एक ऐसा क्षेत्र रहा है, जो दोनों भारत और फ्रांस के रिश्तों का आधार माना गया है। इसे ही विश्वास का सबसे बड़ा प्रतीक माना गया है. ये नहीं भूलना चाहिए कि मेक इन इंडिया का एक अहम भागीदार फ्रांस भी है। हम साथ मिलकर सिर्फ अपनी नहीं बल्कि दूसरे मित्र देशों की भी मदद करना चाहते हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने इस बात का भी ऐलान किया कि जल्द ही फ्रांस में यूपीआई की शुरुआत भी हो जाएगी, उस बात की सहमति बन गई है। इसके अलावा पीएम ने बताया कि फ्रांस के दक्षिण में मार्सिले शहर में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा। वैसे संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने भारत के चंद्रयान 3 मिशन का जिक्र भी किया।
उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की कि इसरो द्वारा चंद्रयान 3 का सफल प्रक्षेपण कर दिया गया। जोर देकर कहा गया कि ये वैज्ञानिकों की एक बड़ी उपलब्धि है। इसके अलावा पीएम मोदी ने फ्रांस के साथ भी भारत के स्पेस को लेकर समझौते हैं, उनका जिक्र किया। कहा गया कि आने वाले समय में अंतरिक्ष-आधारित जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग और ज्यादा बढ़ना चाहिए।
वैसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फ्रांस में सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया है। पीएम मोदी इस सम्मान को पाने वाले पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह सम्मान दुनियाभर की कुछ चुनिंदा हस्तियों को ही दिया गया है। इससे पहले यह सम्मान जिन लोगों को दिया गया है उनमें संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस -घाली, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स और जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल आदि शामिल हैं।