पाकिस्तान के सिंध और बलूचिस्तान प्रांतों में मूसलाधार वर्षा की वजह से कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। भारी वर्षा ने तबाही मचाई है और बड़ी संख्या में लोग लापता हो गए हैं। शुक्रवार (5 अगस्त) को वर्षा शुरू हुई थी जो शनिवार (6 अगस्त) भी हुई और रविवार (7 अगस्त) भी। एक अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर मौतों की खबर सिंध की राजधानी कराची से आई है जहां 14 लोगों की जान मकान ढहने से या करंट लगने से हो गई।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि सिंध से सात और लोगों की मौत की खबर है, जबकि बलूचिस्तान के हरनई जिले से आठ लोगों के मरने, पांच अन्य के घायल होने और आठ के लापता होने की सूचना है। वर्षा की वजह से शहर के कई भागों में भारी जाम लग गया। बलूचिस्तान में कई मौतों की वजह यह है कि आकस्मिक बाढ़ में कई कारें पानी में बह गईं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों में और वर्षा होने का अनुमान लगाया है।