Pakistan Election Result 2018: क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान पड़ोसी देश पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। 22 साल के अपने राजनीतिक करियर में इमरान खान ने कुल चार चुनाव लड़े हैं। अप्रैल 1996 में पार्टी (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ) पीटीआई की स्थापना करने के अगले ही साल 1997 में उन्होंने आम चुनाव लड़ा था लेकिन बुरी तरह मुंह की खानी पड़ी थी। इस चुनाव में उन्होंने कुल नौ उम्मीदवार खड़े किए थे लेकिन सभी हार गए थे। इनमें से सात की तो जमानत भी जब्त हो गई थी। इसके बाद उन्होंने दूसरा चुनाव 2002 में लड़ा था। इस साल खान मियांवली से सांसद चुने गए। साल 2008 का चुनाव उन्होंने नहीं लड़ा था। उनकी पार्टी ने इसका बहिष्कार कर दिया था। साल 2013 के आम चुनावों में उनकी पार्टी ने नेशनल असेंबली में 34 सीटें जीतीं और खैबर पख्तुनवा राज्य में साझा सरकार बनाई।
इसके पांच साल बाद यानी 2018 के मौजूदा आम चुनाव में उनकी पार्टी नेशनल असेंबली में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ताजा रुझानों के मुताबिक पीटीआई 119 सीटों पर आगे चल रही है। बहुमत के लिए कुल 137 सीटों की जरूरत है। आज (26 जुलाई) शाम तक सभी सीटों पर चुनावी परिणाम आने की उम्मीद है। बता दें कि 342 सदस्यों वाली पाकिस्तानी संसद (नेशनल असेंबली) की 272 सीटों पर सीधे सांसदों का चुनाव होता है जबकि 60 पर महिला और 10 पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बाद में आनुपातिक प्रतिनिधित्व के तौर पर चुने जाते हैं।
सियासी सफर में एक दौर ऐसा भी आया जब इमरान खान का परिवार तबाह हो गया। साल 2002 में इमरान खान सांसद तो बन गए लेकिन उनकी पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ उन्हें छोड़कर लंदन वापस चली गई। साल 2014 में आधिकारिक तौर पर दोनों के बीच तलाक हुआ। अगले ही साल 2015 के जनवरी में इमरान खान ने पाकिस्तानी मूल की ब्रिटिश पत्रकार रेहम खान से शादी की लेकिन दस महीने बाद ही दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद इमरान ने तीसरी बार स्प्रिचअल सहयोगी रही बुशरा मणिका से निकाह किया। इस साल फरवरी में बुशरा से निकाह की आधिकारिक घोषणा उनकी पार्टी की तरफ से की गई थी।