पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने आज (गुरुवार को) इस्लामाबाद में पदस्थापित भारतीय उप उच्चायुक्त जे पी सिंह को तलब किया और सीमा पार से हुई क्रॉस फायरिंग पर नाराजगी जाहिर की। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी अधिकारियों ने भारतीय राजनयिक को बताया कि भारतीय सेना द्वारा बीती देर रात की गई क्रॉस बर्डर फायरिंग में एक नागरिक की मौत हो गई है। पाकिस्तान ने इस मामले पर भारतीय अधिकारी से तुरंत और आवश्यक जांच कार्यवाही की मांग की है। पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नफीस जकारिया ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पार से करेला सेक्टर में बीती रात की गई फायरिंग में 28 वर्षीय ग्रामीण अब्दुल रहमान नाम के शख्स की मौत हो गई। इनके अलावा कई महिलाओं और बच्चों समेत कुल 12 लोग इस फायरिंग में घायल हुए हैं।
पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के महानिदेशक (दक्षिण एशिया और सार्क) ने इसी मसले पर भारतीय उप उच्चायुक्त जे पी सिंह को तलब किया था। पाक विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज भी जारी किया है। जिसमें कहा गया है, “भारतीय पक्ष सीमा पार से की गई क्रॉस बॉर्डर फायरिंग की जांच करे और पाकिस्तानी पक्ष को उस बारे में जानाकरी साझा करे।” रिलीज में यह भी आरोप लगाया गया है कि भारतीय सैनिक जानबूझकर नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी इलाकों में फायरिंग कर दहशत फैलाते हैं। इसे शांति बहाली की दिशा में अविलंब रोका जाना चाहिए।
वीडियो देखिए: पाकिस्तान दुनिया का सबसे असुरक्षित देश
गौरतलब है कि उरी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनातनी का माहौल है। अक्सर पाकिस्तान की ओर से सीजफायर उल्लंघन की खबरें आती रहती हैं। भारत द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान दुनियाभर में अलग-थलग पड़ चुका है। साथ ही यह साबित हो चुका है कि भारतीय इलाकों में होनेवाले आतंकी हमलों में पाकिस्तान का हाथ होता है।
Correction: Dy High Commissioner JP Singh summoned by Pakistan Foreign Ministry over death of a Pak civilian in alleged cross border firing
— ANI (@ANI) October 20, 2016
Read Also-पाकिस्तान ने दी धमकी, अगर भारत ने सिंधु जल समझौता तोड़ा तो देंगे ऐसा जवाब…

