अमेरिकी प्रशासन ने 2017 में कुल 143,470 अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया है। अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तनालय की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2017 में कुल 143,470 अवैध प्रवासियों की प्रशासनिक गिरफ्तारी हुई है। प्रशासनिक गिरफ्तारी के तहत आव्रजन कानूनों के उल्लंघन पर गिरफ्तार किया जाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इन कुल गिरफ्तारियों में से 110,568 को 20 जनवरी के बाद गिरफ्तार किया गया। इस तरह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इन गिरफ्तारियों में 42 फीसदी का इजाफा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल 20 जनवरी को शपथ ली थी और 25 जनवरी को ट्रंप ने प्रशासन के आव्रजन प्रवर्तनालय निर्धारित करने के लिए नया कार्यकारी आदेश जारी कर दिया था।

वहीं दूसरी तरफ, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा अमेरिका में सबसे सराहे गए पुरूष हैं जबकि पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन देश की सबसे ज्यादा सराही गई महिला हैं। गैलप ने गुरुवार को प्रकाशित अपने नए सर्वेक्षण के आधार पर यह बात कही है। गैलप के वार्षिक सर्वेक्षण में ओबामा लगातार 10वीं बार शीर्ष पर रहे हैं जबकि हिलेरी लगातार 16वें वर्ष सबसे ज्यादा सराही गई महिला चुनी गई हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी को डोनाल्ड ट्रंप के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।