भारत से बरमिंघम जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक शराबी द्वारा उत्पात मचाने के कारण उस पर भारी भरकम 1000 पाउंड का जुर्माना लगाया गया है। खबर है कि शरब के नशे में धुत इस यात्री ने विमान के गलियारे में पेशाब कर दिया साथ ही सहायक यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया।

19 जनवरी को अपने 10-वर्षीय बेटे के साथ सफर कर रहे 39-वर्षीय जीनू अब्राहम नाम के यात्री को उनकी हरकतों के चलते विमान क्रू ने हथकड़ियां लगाकर सीट बेल्टों से बांध दिया। बर्मिंघम पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बर्मिंघम क्राउन कोर्ट ने जीने को उनके व्यवहार के कारण 300 पाउंड का जुर्माना लगाया है।

जीनू अब्राहम नॉर्थफील्ड के हॉलोक्रॉफ्ट इलाके का रहने वाले है। कोर्ट ने उन्हें मुआवज़े के तौर पर 500 पाउंड, क्षतिपूर्ति के तौर पर 185 पाउंड तथा 30 पाउंड का विक्टिम सरचार्ज देने का भी आदेश सुनाया है।

अभियोजन पक्ष के वकील जॉन कार्डिफ ने बताया कि विमान के बर्मिंघम में पहुंचने से लगभग 40 मिनट पहले जीनू विमान के गलियारों में अपनी पैंट उतारकर खड़ा हो गया और फिर उसने विमान के फर्श और सीट पर पेशाब कर दिया। इसके बाद केबिन क्रू ने उसे रोका और प्‍लास्टिक की हथकड़ियों और सीट बेल्टों की मदद से बांध दिया जब विमान उतरा तब उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं जीनू के वकील एलन न्यूपोर्ट ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि भारत में एयरपोर्ट पर उसका सामान कहीं खो गया था, जिससे वह एन्टी-डिप्रेसेन्ट दवाई नहीं ले पाया। वो नर्वस था और साथ ही वो अपनी पत्नी की स्वास्थ्य को लेकर चिंतित भी था। हालांकि जीनू ने शराब पीने की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि  उसने दो व्हिस्की पी थीं, और उसे कुछ भी याद नहीं कि फ्लाइट के दौरान उसने क्या-क्या किया।

होश में आने के बाद फ्लाइट में किये गये उसके बर्ताव को लेकर वो अचंभित था और उसने माना कि उसके बुरे बर्ताव के चलते साथी यात्रियों, क्रू मेंबर्स काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा।