उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग-उन का अच्छे खाने और अच्छी वाइन का शौक जगजाहिर है। कुछ रिपोर्ट के अनुसार अपने पिता से 2012 में देश की सत्ता की बागडोर संभालने के बाद 32 वर्षीय जोंग-उन का वजन उनके इन्हीं शौक की वजह से बढ़ा है। दक्षिण कोरिया की न्यूज वेबसाइट केबीएस पर प्रकाशित खबर के अनुसार एक बार वो डिनर के दौरान 10 बोतल वाइन पी गए थे। जोंग-उन के पुराने सुशी शेफ केंजी फुजीमोतो ने न्यूज वेबसाइट को बताया कि वजन बढ़ने के बावजूद जोंग-उन ने अपना पसंदीदा खाना-पीना नहीं छोड़ा है।
जापानी शेफ फुजीमोतो किम जोंग-उन के परिवार को 1982 से ही जानते हैं। फुजीमोतो इस साल अप्रैल में जोंग-उन से मिलने उत्तर कोरिया गए थे। फुजीमोतो ने बताया कि एक शाम डिनर के समय जोंग-उन महंगी बॉर्डेक्स वाइन पी रहे थे। फुजीमोते के अनुसार जोंग-उन ने उनसे कहा कि कुछ दिनों पहले ही वो एक शाम डिनर के साथ 10 बोतल बॉर्डेक्स वाइन पी गए थे। फुजीमोतो के अनुसार जोंग-उन और उनके भाई-बहन शराब के लती हो चुके हैं। फुजीमोते की मानें तो जोंग-उन उत्तर कोरियाई सुंदरियों के साथ डिनर करना पसंद करते हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जोंग-उन का वजन 290 पाउंड हो चुका है।
वीडियो: साइरस मिस्त्री ने रतन टाटा पर लगाए गंभीर आरोप-
जोंग-उन की स्कूली पढ़ाई-लिखाई स्विट्जरलैंड में हुई है। उसी समय से वो यूरोपीय खान-पान के शौकीन रहे हैं। 2014 में उन्होंने उत्तरी कोरियाई अधिकारियों को फ्रांसीसी कूकरी स्कूल में एमेंताल चीज बनाना सीखने के लिए भेजा था। 2014 में ही जोंग-उन किसी अज्ञात बीमारी से पीड़ित हो गए थे। वो कई दिनों सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए थे। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने उनकी बीमारे के बारे में जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा था, “उन्हें थोड़ी असुविधा है।”
किम जोंग-उन पहले भी कई अविश्सनीय दावे कर चुके हैं। एक बार उन्होंने दावा किया था कि नौ साल की उम्र में उन्होंने एक विदेशी याट कंपनी के सीईओ को रेस में हरा दिया था। विदेशी सीईओ उत्तर कोरिया के दौरे पर आया हुआ था। किम जोंग-उन ये भी दावा कर चुके हैं कि तीन साल की उम्र में कार चला लेते थे। जोंग-उन विश्वस्तरीय कलाकार और संगीतकार होने का भी दावा करते हैं। किम जोंग-उन ने दावा किया कि वो एक बार 9000 फीट ऊंच पायक्तू पर्वत पर केवल एक ओवरकोट और साधारण जूते पहनकर चढ़ गए थे। किम जोंग-उन के पिता किम जोंग-इल भी ऐसे मिथकीय दावे करते थे इसलिए उनके बेटे के बड़बोलेपन पर शायद ही किसी को हैरत होती हो।
Read Also: उत्तर कोरिया के पास हैं ऐसी खतरनाक मिसाइलें, इसीलिए मनमानी करता है तानाशाह किम जोंग
