रॉयल स्वीडिश एकेडमी ने साल 2018 के लिए रसायन के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के विजेता की घोषणा कर दी है। घोषणा के मुताबिक इस साल यह पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को संयुक्त रुप से दिया गया है। पुरस्कार पाने वाले वैज्ञानिकों में फ्रांसिस एच. अर्नोल्ड, जॉर्ज पी.स्मिथ और सर ग्रेगरी पी.विंटर का नाम शामिल है। पुरस्कार की आधी हकदार फ्रांसिस एच.अर्नोल्ड होंगी, वहीं आधे हिस्से के हकदार जॉर्ज पी.स्मिथ और सर ग्रेगरी पी.विंटर होंगे। इन वैज्ञानिकों के योगदान की बात करें तो फ्रांसिस एच.अर्नोल्ड ने एंजाइम और फार्मास्यूटिकल से संबंधित एक अविष्कार के लिए इस सम्मान से नवाजा गया है। जॉर्ज स्मिथ को फेज डिस्पले का मैथ्ड विकसित करने के लिए सम्मानित किया गया है। बता दें कि इस मैथ्ड की मदद से मानव शरीर में बैक्टीरियोफेज की मदद से नया प्रोटीन बनाने में मदद मिल सकती है।

वहीं सर ग्रेगरी विंटर को नोबेल पुरस्कार जॉर्ज स्मिथ द्वारा डेवलेप किए गए मैथ्ड डिस्पले का इस्तेमाल करते हुए नई दवाई की खोज के लिए दिया गया है। बता दें कि इस दवाई की मदद से ऑटो इम्यून डिजीज और मैटास्टिक कैंसर जैसी बीमारियों का भी इलाज किया जा सकेगा। नोबेल पुरस्कार जीतने वाली फ्रांसिस अर्नोल्ड रसायन के लिए यह पुरस्कार जीतने वाली पांचवी महिला हैं।

इससे पहले रॉयल स्वीडिश एकेडमी भौतिकी और चिकित्सा के लिए दिए जाने वाले नोबेल पुरस्कारों की घोषणा कर चुकी है। इस साल भौतिकी के लिए आर्थर एश्किन, गेरार्ड मोरोउ और डोन्ना स्ट्रिकलैंड को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं चिकित्सा के लिए जेम्स पी.एलिसन और तासुकु होंजो को विजेता घोषित किया गया है।