Nobel Peace Prize 2019 News in Hindi: नोबेल शांति पुरस्कार (Nobel Peace Prize 2019) इस बार इथोपिया के प्रधानमंत्री अबीय अहमद अली (Abiy Ahmed Ali) को मिला है। नॉरवेजियन नोबेल समिति (Norwegian Nobel Committee) ने अली को यह पुरस्कार इसलिए देने का फैसला लिया, क्योंकि वह शांति और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को लेकर लगातार प्रयास करते रहे। यही वजह है कि 43 वर्षीय अली को इथोपिया के नेल्सन मंडेला के नाम से भी लोग पुकारते हैं।
खासकर पड़ोसी मुल्क इरीट्रिया (Eritrea) के साथ सीमा विवाद सुलझाने में उनकी ओर पहल की गई थी। इथोपिया और इरीट्रिया के बीच यह तकरार लगभग 20 साल तक चली थी, जिसमें खत्म कराने में अली का बड़ा योगदान है।
समिति ने इस पुरस्कार जारी करने के साथ ही कहा कि उसे लगता है कि अब अली के इन प्रयासों को पहचान और बढ़ावा मिलना चाहिए। यह पुरस्कार उन सभी को पहचान दिलाने के लिए है, जो लगातार इथोपिया और पूर्वी व उत्तरी पूर्वी अफ्रीकी क्षेत्रों में शांति के साथ सुलह की दिशा में काम कर रहे हैं।
नोबेल प्राइज कमेटी के अध्यक्ष बेरिट रीस एंड्रसन के मुताबिक, “अहमद ने जब शांति के मकसद से हाथ आगे बढ़ाया था, तब राष्ट्रपति इसाइयस अफवर्की (इरीट्रिया) ने उसे अच्छे से समझा और दोनों देशों के बीच शांति बहाली के लिए आगे आए।”
बकौल एंड्रसन, “प्रधानमंत्री रहने के दौरान शुरुआती 100 दिनों में अली ने देश में लगी ‘इमरजेंसी’ हटाई, हजारों सैकड़ों राजनीतिक बंदियों को माफ किया, मीडिया पर लगी सेंसरशिप वापस ली, भ्रष्टाचार में लिप पाए गए सैन्य अधिकारियों और नेताओं को व्यवस्था से बाहर किया और इथोपियाई राजनीतिक और सामाजिक जीवन में महिलाओं के प्रभाव को बढ़ाने के लिए काम किया।”
शांति के लिए इस बार के नोबेल पुरस्कार की घोषणा के बाद इथोपियाई पीएम के दफ्तर का बयान आया, “हमें एक राष्ट्र के तौर पर गर्व है कि हमने यह सम्मानजनक प्राइज जीता।” अली ने इथोपिया और इरीट्रिया के संबंधों में मिठास घोलने के अलावा केन्या और सोमालिया के रिश्ते सुधारने में भी मदद की, जो कि सैन्य विवाद में उलझे थे। अली ही वह व्यक्ति थे, जो सूडान और दक्षिणी सूडान के नेताओं को बातचीत और शांति बहाली के लिए राजी कर पाए।
एक नजर में जानिए मौजूदा इथोपियाई PM कोः इथोपिया के चौथे और मौजूदा प्रधानमंत्री अली ने इथोपियन नेशनल डिफेंस फोर्स में सेवा के दौरान पहली डिग्री हासिल की थी। उन्होंने 2001 में एड्डिस अबाबा के माइक्रोलिंक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी सेंटर से बैचलर्स इन कंप्यूर इंजीनियरिंग की है, जबकि बाद में ट्रांसफॉर्मेश्नल लीडरशिप में वह एम.ए पास भी हैं।
पूर्व सेना अधिकारी हैं। वह फेडरल डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ इथोपिया पार्टी से ताल्लुक रखते हैं। अली इसके अलावा इथोपियन पीपल्स रेव्यल्यूशनरी डेमोक्रेटिक फ्रंट और ओरोमो डेमोक्रेटिक पार्टी के भी अध्यक्ष हैं। यही नहीं, वह इथोपियाई संसद के चुने हुए सदस्य हैं।