प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र की मेजबानी वाले सतत विकास पर उच्चस्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे और अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान सान फ्रांसिस्को का दौरा भी करेंगे। मोदी अमेरिका के वेस्ट कोस्ट जाने वाले चौथे भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
वर्ष 2015 के बाद के विकास एजेंडा को स्वीकार करने के लिए संयुक्त राष्ट्र का सम्मेलन यहां 25 से 27 सितंबर तक आयोजित होगा और इसे महासभा की उच्चस्तरीय पूर्ण बैठक के रूप में आयोजित किया जाएगा।
संयुक्त राष्ट्र की अब तक की सबसे बड़ी में से एक बैठक मानी जाने वाले इस सम्मेलन में 150 से अधिक वैश्विक नेता सतत विकास सम्मेलन में शामिल होकर नए एजेंडा के निष्कर्ष दस्तावेज को औपचारिक रूप से स्वीकार कर सकते हैं।
सूत्रों ने पीटीआई भाषा से कहा कि मोदी के 25 सितंबर को उपस्थित लोगों को संबोधित करने की संभावना है जिसके बाद वह सान फ्रांसिस्को की यात्रा के लिए वेस्ट कोस्ट जाएंगे।
महासभा का 70वां सत्र 15 सितंबर से शुरू होगा।
वार्षिक उच्चस्तरीय आम चर्चा 28 सितंबर को शुरू होगी जो छह अक्तूबर तक चलेगी।
चूंकि मोदी के 28 सितंबर के आस पास भारत वापस आने की संभावना है, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज आम चर्चा में देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं।