रूस के मास्को में शुक्रवार देर रात एक बड़ा आतंकवादी हमला हुआ। कॉन्सर्ट के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों ने अचानक से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी और देखते ही देखते कई लाशें बिछ गईं। अभी तक इस आतंकी हमले में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। बड़ी संख्या में घायल भी बताई जा रहे हैं। राष्ट्रपति पुतिन इस हमले के बाद से परेशान और चिंतित हैं। उनकी तरफ से पूरे देश में राष्ट्रीय शोक घोषित कर दिया गया है।

देश को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने दो टूक कहा है कि कई निर्दोष लोगों को शिकार बनाया गया है। मुझे पूरा भरोसा है कि डॉक्टर पीड़ितों को बचाने की हर संभव कोशिश करेंगे।

अब एक तरफ राष्ट्रपति पुतिन ने घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की, दूसरी तरफ आतंकी हमले को अंजाम देने वालों को एक कड़ी चेतावनी देने का काम भी किया। उन्होंने जोर देकर बोला कि मैं कसम खाता हूं कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके मुताबिक बंदूकधारी आरोपी हमला करने के बाद यूक्रेन भाग गए। अभी के लिए समझने वाली बात ये है कि इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली है। एक जारी बयान में कहा गया है कि हमारे लड़ाकू ने मॉस्को के बाहरी इलाके में एक कॉन्सर्ट हॉल में हमला किया है। हमला करने वाले सभी इस समय सुरक्षित अपने ठिकाने पर वापस लौट चुके हैं।

वैसे रूस में कुछ बड़े नेताओं द्वारा ऐसे दावे भी किए जा रहे हैं कि आतंकी हमले में यूक्रेन का हाथ हो सकता है। इसी वजह से यूक्रेन के राष्ट्रपति ने खुद सामने से आकर दो तू कहा है कि यूक्रेन का इस हमले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने साफ कर दिया है कि उनका रूस के साथ एक युद्ध चल रहा है और एक देश के रूप में पूरी शक्ति के साथ उस युद्ध को लड़ रहे हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि क्रोकस सिटी हॉल को साल 2009 में क्रास्नोगोर्स्की में बनाया गया था। इसमें तीन अलग-अलग ऑडिटोरियम हैं। इसमें एक की क्षमता 7 हजार लोगों की है तो दूसरे की क्षमता करीीब 4 हजार से ज्यादा लोगों की है। इतना ही नहीं लोगों की सुविधा के लिए इसमें एक थिएटर भी है। यहां पर तीन हजार से ज्यादा लोग बैठ सकते हैं। क्रोकस सिटी हॉल में साल 2013 में मिस यूनिवर्स की प्रतियोगिता भी आयोजित की जा चुकी है।