चीन के पूर्वी शानदोंग प्रांत में एक जिप्सम खान के धंस जाने से 25 खनिक उसके नीचे दब गए। कुछ ही दिन पहले चीन के एक दक्षिणी शहर में भूस्खलन से चार लोगों की जान चली गई थी जबकि 75 अन्य लापता हो गए थे। पिंग्यूई काउंटी के सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बाओताई टाऊनशिप में जिप्सम की खदान में हुए हादसे के समय वहां 29 लोग काम कर रहे थे।

सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ के अनुसार बचावकर्मी छह लोगों को निकालने की कोशिश में जुटे हैं जिनकी उपस्थिति का पता लगा लिया गया है। बाकी 19 लापता हैं। प्रवक्ता के अनुसार चार अन्य भूतल से हटाए गए। बीस दिसंबर को चीन के विनिर्माण केंद्र शेनझेन के एक औद्योगिक एस्टेट में भारी भूस्खलन से चार लोगों की जान चली गई जबकि 75 अन्य अब तक लापता हैं।