अमेरिका के मैरीलैंड स्टेट में बारिश ने तबाही मचा रखी है। यहां पिछले एक हफ्ते से बारिश के चलते बिगड़े हालात में दो लोगों की मौत हो गई है। रविवार को दो घंटे के अंदर यहां के एलिकॉट सिटी में 6 इंच बारिश हुई, जो एक महीने की बारिश के बराबर हैं। इसी बाढ़ में बुरी तरह फंसी एक महिला को कुछ लोगों ने अपनी जान पर खेलकर बचाया।

एलिकॉट शहर में मुख्य रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने देखा की कार में बैठी एक महिला बुरी तरह बाढ़ में फंस गई है। महिला कार समेत पानी के साथ बहने ही वाली थी। महिला को बचाने के लिए इन लोगों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर एक चेन बना ली। Sara Arditti नाम की एक महिला ने इसकी एक वीडियो बना ली और फेसबुक पर पोस्ट कर दी।

वीडियो में दिखा कि एक शख्स महिला की कार तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था, मगर पानी का बहाव काफी तेज था। तभी एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चार लोग गहरे पानी में घुस आए। उन्होंने उस शख्स को हाथ दिया और वह शख्स महिला को डूबने से बिलकुल पहले गोद में उठाकर ले आया। वीडियो पोस्ट करने वाली महिला ने लिखा, “मेरे पति और कुछ अनजान लोगों ने जान पर खेलते हुए कार समेत डूबने वाली एक महिला की जान बचा ली। यह घटना हमारी दुकान के सामने हो रही थी। मेरे पति उसे बचाने में सबसे आगे थे।”

Read More: जेब में रखे iPhone से अचानक उठने लगा धुआं, जला दिया चमड़ा, करवाना पड़ा स्किन ग्राफ्ट

इस वीडियो को फेसबुक पर 2 मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं। आपको बता दें यहां हो रही बारिश से पिछले 50 सालों में सबसे बड़ी तबाही हुई है। शहर में मेन स्ट्रीट से जुड़े सारे मकान और बिजनेस तकरीबन बर्बाद हो गए। यहां अब तक 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं बाढ़ में फंसे 100 से ज्यादा लोगों को निकाला जा चुका है।