उत्तर पूर्वी अफ्रीकी देश सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल के बीच हुई गोलीबारी में शनिवार (15 अप्रैल) को एक भारतीय व्यक्ति की मौत हो गई थी। पीड़ित की पहचान 48 वर्षीय अल्बर्ट ऑगस्टाइन के रूप में हुई। केरल के कन्नूर जिले में उसके परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक वह अलाकोड पंचायत के नेल्लीपारा गांव के मूल निवासी थे। वह सूडान की एक फर्म में सिक्योरिटी मैनेजर के तौर पर काम कर रहा थे।

खार्तूम में भारतीय दूतावास ने की मौत की पुष्टि

सूडान की राजधानी खार्तूम में भारतीय दूतावास ने अल्बर्ट ऑगस्टाइन की मौत की पुष्टि की। दूतावास ने ट्वीट किया कि वह मृतक के लिए आगे की व्यवस्था करने के लिए परिवार और चिकित्सा अधिकारियों के संपर्क में है। दूतावास के बयान में कहा गया है कि अल्बर्ट सूडान में एक स्थानीय समूह की कंपनी में काम करता था।

भारतीय सेना से रिटायर होने के बाद काम के लिए गए थे सूडान

सूडान में अल्बर्ट ऑगस्टाइन के पड़ोस में काम करने वाले केरल के एक दूसरे व्यक्ति ने कन्नूर में अपने परिवार को गोली लगने से उसकी मौत की जानकारी दी। कन्नूर में अलाकोडे ग्राम पंचायत के अध्यक्ष के एम जोसेफ के मुताबिक अल्बर्ट को गोली तब लगी जब उन्होंने यूके में पढ़ रहे अपने बड़े बेटे को फोन करने के लिए अपने आवास की खिड़की खोली।

उन्होंने कहा, “अल्बर्ट छह साल पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। पिछले साल वह एक फर्म में सिक्योरिटी चीफ के तौर पर काम करने के लिए सूडान गए थे। दो हफ्ते पहले ही उनकी पत्नी इसाबेला और उनकी बेटी एक और स्कूली छात्र के साथ छुट्टी मनाने के लिए अपने पति के पास सूडान गई थी। ”

सूडान में अल्बर्ट को देखने तक नहीं जा पाए भारतीय लोग

सूडान से मिली जानकारी का हवाला देते हुए जोसफ ने कहा कि भारी गोलीबारी के कारण स्थानीय लोग उस परिसर में नहीं जा सके जहां गोलियों से अल्बर्ट की मौत हुई थी। उन्होंने कहा, “हमें बताया गया था कि सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल की झड़प के कारण लोगों को अपने परिसर से बाहर नहीं निकलने का निर्देश दिया गया था।” वहीं, अनिवासी केरल लोगों के मामलों के लिए राज्य सरकार के विभाग NORKA रूट्स के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें अभी तक इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

सूडान के आंतरिक संघर्ष में 25 लोगों की मौत, 200 से ज्यादा घायल

सूडान की सेना और एक अर्धसैनिक बल ने शनिवार को खार्तूम और अन्य क्षेत्रों में जमकर संघर्ष किया। इससे कथित तौर पर 25 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 200 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। सोशल मीडिया पर सशस्त्र बलों की राजधानी खार्तूम में जारी संघर्ष का वीडियो भी वायरल हो रहा है। शनिवार को ही सूडान में भारतीय दूतावास ने अपने सभी नागरिकों को घर के अंदर रहने और अत्यधिक सावधानी बरतने के लिए कहा था।