अफ़्रीकी देश मेडागास्कर में समंदर के बीच में हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर क्रैश होने की वजह से मेडागास्कर के 57 वर्षीय मंत्री ने 12 घंटे तक समंदर में तैर कर अपनी जान बचाई। इसके अलावा मंत्री के साथ बचे एक व्यक्ति ने भी 12 घंटे तक तैर कर अपनी जान बचाई। पुलिस और बंदरगाह अधिकारियों के अनुसार मंत्री के साथ यात्रा कर रहे दो सुरक्षाकर्मी भी सुरक्षित बच गए हैं।
बंदरगाह प्राधिकरण के प्रमुख जीन एडमंड रैंडियनेंटेना ने कहा कि देश के पुलिस राज्य सचिव सर्ज गेल और उनके एक साथी पुलिसकर्मी मंगलवार सुबह तटीय शहर महम्बो में अलग-अलग जमीन पर तैर कर पहुंचे। तैर कर अपनी जान बचाने वाले 57 वर्षीय मंत्री गेल का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है जिसमें वो सैनिक की वर्दी में एक कुर्सी पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में वे यह कहते हुए भी दिखाई दे रहे हैं कि मेरे मरने का समय अभी नहीं आया है। साथ ही वे यह भी कह रहे हैं कि वे भले ही ठंडे महसूस कर रहे हों लेकिन वे घायल नहीं हुए हैं। पुलिस विभाग के मंत्री सर्ज गेल अपने अधिकारियों के साथ पूर्वोत्तर तट पर डूबे एक मालवाहक जहाज के निरीक्षण के लिए गए हुए थे।
बता दें कि सोमवार को अवैध तरीके से 130 यात्रियों को ले जा रहा एक मालवाहक जहाज मेडागास्कर के पूर्वोत्तर तट पर डूब गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार इसमें 17 लोगों की मौत होने की सूचना मिली थी और करीब 45 लोगों को बचाने की खबर आई थी। लेकिन बाद में मंगलवार को अधिकारियों ने इस हादसे में 39 लोगों की मौत की सूचना दी।
मैरीटाइम एंड रिवर पोर्ट एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार फ्रांसिया नाम का जहाज सोमवार को पूर्वी मनारा के अंतानांबे शहर से रवाना हुआ था। एजेंसी के महानिदेशक जीन एडमंड रंद्रियनेंटेना ने जानकारी देते हुए कहा कि यह जहाज दक्षिण की ओर सोनाइराना इवोंगो के बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था। यह एक मालवाहक जहाज के रूप में पंजीकृत है इसलिए यह यात्रियों को ले जाने के लिए अधिकृत नहीं है । उन्होंने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि जहाज के पतवार में छेद होने के कारण यह डूब गया।