King Charles III: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का 8 सितंबर 2022 को निधन हो गया। वह पिछले कुछ वक्त से बीमार थीं। महारानी की मौत के बाद उनके सबसे बड़े बेटे किंग चार्ल्स III ब्रिटेन के नए सम्राट बनाए गए।
शनिवार को सेंट जेम्स पैलेस में परिग्रहण परिषद की बैठक में प्रिवी काउंसिल ने किंग चार्ल्स III को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में घोषित किया। इस मौके पर एक एतिहासिक समारोह आयोजित कर किंग चार्ल्स III की ताजपोशी की गई। साथ ही नया सम्राट बनाए जाने से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरीं की गईं। लंदन में सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में क्वीन कैमिला, प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम, पूर्व पीएम बोरिस जॉनसन और वर्तमान प्रधानमंत्री लिज ट्रस भी मौजूद रहीं।
पत्नी के निरंतर समर्थन से प्रोत्साहित: राजा घोषित होने के बाद किंग चार्ल्स III ने कहा कि मेरी प्यारी मां, हमारी महारानी के निधन की घोषणा करना मेरा दुखद कर्तव्य है। मुझे पता है कि हम सभी को हुई इस अपूरणीय क्षति में आप मेरे साथ कितनी गहरी सहानुभूति रखते हैं। मैं अपनी प्यारी पत्नी के निरंतर समर्थन से प्रोत्साहित हूं। किंग ने कहा कि मेरी मां ने आजीवन प्रेम और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। मेरी मां का शासन काल, समर्पण और निष्ठा में बेमिसाल था।
कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक: किंग चार्ल्स III ने कहा, “मैं कर्तव्यों और संप्रभुता की भारी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक हूं। मैं जीवन भर वफादारी, सम्मान और प्यार के साथ सेवा करने की कोशिश करूंगा। इन जिम्मेदारियों को निभाने में, मैं उस प्रेरक उदाहरण का पालन करने की कोशिश करूंगा जो मैंने संवैधानिक सरकार को बनाए रखने के लिए स्थापित किया है। मैं इन सभी द्वीपों और दुनिया भर में राष्ट्रमंडल क्षेत्रों के लोगों की शांति, सद्भाव और समृद्धि के लिए प्रयास करूंगा।”
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के दो दिन बाद सम्राट की ताजपोशी हुई है। प्रोटोकॉल के अनुसार चार्ल्स अपनी मां की मृत्यु के बाद राजा बन गए थे, लेकिन परिग्रहण परिषद नए सम्राट के नाम की आधिकारिक घोषणा करने की औपचारिकता को पूरा करती है।
राज्याभिषेक समारोह के बाद सेंट जेम्स पैलेस की एक बालकनी से सम्राट चार्ल्स तृतीय की ताजपोशी की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। इसके साथ ही किंग चार्ल्स तृतीय की पत्नी कैमिली पार्कर को ‘क्वीन कन्सॉर्ट’ की उपाधि दी गई। वहीं, किंग चार्ल्स के उत्तराधिकारी के रूप में प्रिंस विलियम अब ‘प्रिंस ऑफ वेल्स’ कहलाएंगे।