कजाखिस्तान के गृह मंत्रालय ने बताया कि देश के सबसे बड़े शहर व आर्थिक राजधानी अलमाटी में एक थाने और सुरक्षा सेवा कार्यालय पर सशस्त्र हमलों के बाद सोमवार को तीन पुलिस अधिकारियों समेत एक नागरिक की मौत हो गई। गृह मंत्रालय ने कहा कि घटना के बाद शहर के कुछ हिस्सों में बंद की स्थिति रही। हमले का एक संदिग्ध हिरासत में है और उसके दूसरे फरार साथी की तलाश जारी है। बयान के मुताबिक, हिरासत में लिए गए व्यक्ति पर थाने पर हमला करने, पुलिस अधिकारी को गोली मारने और उसकी बंदूक ले जाने का आरोप है। इस दौरान एक स्थानीय नागरिक की मौत हो गई। संदिग्ध ने फिर दो अधिकारियों पर गोली चलाई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कम से कम सात पुलिसकर्मियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। देश की आतंकवाद निरोधक सेवा ने हमलों के बाद रेड अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों से घरों में रहने को कहा गया है।