जापान ने दावा किया है कि मंगलवार को उसने पहली बार ‘ईस्टर्न चाइना सी’ के विवादित जलक्षेत्र में पहली बार हथियारों से लैस चीन का तटरक्षक जहाज देखा। जापान कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता ने बताया कि विवादित द्वीप के आसपास चीन के जहाज लगातार निगरानी करते रहते हैं, इसमें कोइ नई बात नहीं है, लेकिन हथियारों से लैस जहाज को इस इलाके में पहली बार देखा गया है। आपको बता दें कि चीन और जापान के बीच लंबे समय से द्वीप विवाद चल रहा है। विवादित द्वीप समूह को जापान सेनकाकू के नाम से पुकारता है, जबकि चीन उसे दियाओउ द्वीप समूह कहकर पुकारता है।
जापान कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता योसुकी वातानुकी ने कहा, ‘हमें नहीं मालूम है कि चीन की मंशा क्या है? लेकिन इतना तय है कि हम जापान की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और जरूरत के हिसाब से उचित जवाब देंगे।’ जापान ने मंगलवार को दिखाई दिए चीनी तटरक्षक जहाज की तस्वीर भी जारी की है। उसका कहना है कि चीन के चार तटरक्षक जहाज विवादित जलक्षेत्र के आसपास घूम रहे थे, लेकिन इनमें से एक हथियारों से लैस था।
जापान काफी समय से आरोप लगाता आ रहा है कि चीन ‘ईस्टर्न चाइना सी’ के विवादित क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ा रहा है। जापान का कहना है कि चीन इस क्षेत्र में न केवल सैन्य गतिविधियां बढ़ा रहा है बल्कि गैस और ऑयल के लिए लगातार ड्रिलिंग भी कर रहा है।

