Japan Moon Mission 2023:सभी स्पेस एजेंसियों के बीच चंद्रमा के दक्षिणी सतह पर उतरने की होड़ सी लगी हुई है। हाल में ही रूस का लूनर मिशन लूना-25 चन्द्रमा के दक्षिणी सतह पर लैंड करते वक्त क्रैश कर गया था। इसके 2 दिन बाद भारत का लूनर मिशन चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कर इतिहास रच दिया। इसके बाद अब पूरी दुनिया की नजरें जापान के मून मिशन पर है। जापान के मून मिशन को सोमवार को लॉन्च किया जाना था लेकिन अभी इसे सस्पेंड कर दिया गया है।
JAXA ने क्यों स्थगित की रॉकेट लॉन्चिंग?
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, जापान की अंतरिक्ष एजेंसी ने सोमवार को H-IIA रॉकेट लॉन्च को स्थगित कर दिया। यही रॉकेट जापान के लूनर मिशन को अंतरिक्ष में लेकर जाने वाला था। मित्सुबिशी हैवी इंडस्ट्रीज (MHI) की लॉन्च सेवा ईकाई ने लॉन्च समय से ठीक 24 मिनट पहले सोशल मीडिया साइट X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि ऊपरी वायुमंडल में अनुपयुक्त हवा की स्थिति के कारण लॉन्च को रद्द कर दिया गया है।
सोमवार सुबह लॉन्च किया जाना था H-IIA?
H-IIA रॉकेट को सोमवार सुबह 9 बजकर 26 मिनट पर दक्षिणी जापान में स्थित JAXA के तनेगाशिमा स्पेस सेंटर से लॉन्च किया जाना था। JAXA चंद्रमा की सतह का जांच करने के लिए SLIM नाम का स्वदेशी लैंडर विकसित किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह लैंडर चांद की सतह पर पानी और विभिन्य खनिजों का खोज करेगा। लैंडर चांद पर चट्टानों का पता लगाएगा और सटीक लैंडिंग प्रक्रिया को भी प्रदर्शित करेगा। अगर भविष्य में जापान चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग करता है तो वह चन्द्रमा के दक्षिणी सतह पर उतरने वाला दूसरा देश बन जायेगा।
रॉकेट अपने साथ JAXA के स्मार्ट लैंडर फॉर इन्वेस्टिगेटिंग मून (SLIM) को ले जा रहा है, जो चंद्रमा पर उतरने वाला पहला जापानी अंतरिक्ष यान होगा। बता दें कि टोक्यो स्थित स्टार्टअप आईस्पेस चन्द्रमा के सतह पर 1 अप्रैल को लैंड करने की कोशिश किया था लेकिन यह मिशन फेल हो गया था।
भारत बना पहला देश
भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट उतरने वाला पहला देश है। 23 अगस्त को शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की सतह पर सफल लैंडिंग की। अभी विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर रसायनों का पता लगा रहा है। बता दें कि प्रज्ञान रोवर और विक्रम लैंडर 14 दिन तक चंद्रमा की सतह पर खनिजों की खोज करेंगे। प्रज्ञान रोवर का मुख्य मकसद चांद पर पानी और हीलियम ढूंढना है।