इटली में बुधवार सुबह आए जोरदार भूकंप में मरने वालों की संख्या 247 पहुंच गई है और बचाव दल लगातार मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इटली को हिलाकर रख देने वाले इस भूकप में सैंकड़ों लोग घायल हो गए जिसमें कई लोगों की हालत गंभीर है और कई लोग मलबे के नीचे दबे हुए हैं। इसी बीच इमरजेंसी सर्विस के बचावकर्मी और कई अन्य कार्यकर्ता लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं। बचावकर्मियों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को बचाने के लिए रात में भी राहत कार्य जारी रखा था। वहीं इटली के प्रधानमंत्री ने पहले ही बता दिया था कि भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। भूंकप के बाद आने वाले झटकों के डर से लोग टेंट के नीचे रात गुजार रहे हैं।

भूकंप ने अम्बेरिया, मारशे और लाजियो के आस-पास के इलाकों को प्रभावित किया है जहां बाहर से आए कई लोग रह रहे थे। भूकंप से प्रभावित अधिकतर लोग रोम के रहने वाले हैं। यह इलाका ला-अकिला शहर के पास में हैं जहां साल 2009 में आए भूकंप में करीब 300 लोग मारे गए थे।  भूकंप में अपनी बहन और उसके पति को खो चुके एक शख्स ने बताया कि भूकंप आने के वक्त वो वहां नहीं थे, लेकिन बाद में वो यहां पहुंचे। उनकी बहन के बच्चों को तो बचा लिया गया जो अब अस्पताल में भर्ती है।

वहीं भूंकप प्रभावित इलाकों में कई ऐसे लोग हैं जिनके परिवार वाले मलबे में दबे हुए हैं या उनकी मौत हो गई है। साथ ही इस  माहौल के बीच बचावकर्मी उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने और दबे हुए लोगों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।