ईरान में हिजाब का विरोध कर रही महिलाओं ने प्रदर्शन का नया तरीका निकाला है। ये महिलाएं अब सड़क पर डांस कर रही हैं। ईरानी कानून के मुताबिक वहां ऐसा करने की मनाही है। इससे जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ईरानी महिलाएं सार्वजनिक स्थान पर खुले आम डांस करते नजर आ रही हैं। वीडियो में कहीं सड़क के किनारे तो कहीं व्यस्त चौराहे पर, तो कही ट्रैफिक लाइट के पास लड़कियां नाचती नजर आ रही हैं। डांस के द्वारा ये लड़कियां सरकारी कानूनों का विरोध कर रही है। बता दें कि ईरानी में हिजाब के खिलाफ लंबे समय से महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं। ईरान की राजधानी तेहरान में जगह-जगह ऐसे नजारे देखने को मिल रहे हैं। बता दें ईरान में कट्टर धार्मिक कानूनों का सालों से विरोध होता आ रहा है। इन कानूनों के तहत वहां की महिलाओं को फुटबॉल मैच देखने की आजादी नहीं है, यही नहीं ये महिलाएं बिना स्कॉर्फ लगाए घर के बाहर नहीं निकल सकती है।

बता दें कि 1979 की इस्लामिक क्रांति से पहले ईरान एक आजाद ख्याल देश था। यहां की महिलाएं पश्चिमी स्टाइल के कपड़े पहना करती थीं। इन कपड़ों में मिनी स्कर्ट और शॉर्ट स्लीव्स टी-शर्ट भी शामिल थे। लेकिन 1979 में ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता आयातुल्लाह ख़ुमैनी के नेतृत्व में ईरान में एक धार्मिक क्रांति हुई। इसके बाद यहां की महिलाओं को सिर ढकने, हिजाब पहनने और पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने को कहा गया। हालांकि तब महिलाओं ने इसका विरोध किया था। 1979 में एक लाख महिलाएं सड़कों पर आ गईं थी। लेकिन सरकार ने दमनकारी नीति अपनाई और महिलाओं के विद्रोह को कुचल दिया। इसके बाद लगातार समय-समय पर महिलाएं इस नीति के खिलाफ विद्रोह प्रदर्शन करती रही हैं। ये प्रदर्शन कभी खुलकर होता है तो कभी ऑनलाइन। पिछले कुछ सालों में ईरान में इस विरोध प्रदर्शन में इजाफा हुआ है।