आगामी 21 जून को दूसरे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर टाइम्स स्क्वायर पर हजारों योग प्रेमी जमा होंगे। इस मौके पर आध्यात्मिक नेता व कई भारतवंशी संगठन स्कूलों, मंदिरों और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर अनेक आयोजनों की तैयारी कर रहे हैं। ईशा फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक नेता सद्गुरु जग्गी वासुदेव, मिस अमेरिका 2014 नीना दावुलुरी, अनेक राजनयिक और संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी 20 तथा 21 जून को संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन द्वारा आयोजित योग दिवस समारोहों में भाग लेंगे।

भारतीय मिशन 20 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक विशेष आयोजन कर रहा है जिसका शीर्षक ‘कंजर्वेशन विद योग मास्टर्स : योग फार द एचीवमेंट आफ द सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स’ रखा गया है। समारोह के मुख्य वक्ता सदगुरु होंगे जिसमें संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य सभी देशों के राजदूत और गणमान्य लोग भाग लेंगे।

आगामी 21 जून को भारतीय मिशन और संयुक्त राष्ट्र का जन सूचना विभाग मुख्यालय में 2016 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का समारोह मनाएंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष एम लीकेटोफ्ट इसके मुख्य अतिथि होंगे। समारोह की अगुवाई सद्गुरु करेंगे और इसमें योग पर एक संगीतमय प्रस्तुति होगी।