इंडोनेशिया में एक महिला को भीड़ के सामने बेंत से पीटा गया। उस पर आरोप था कि वह अविवाहित होते हुए एक शख्स के ‘बेहद नजदीक’ चली गई। नूर एलिता को बांदा एच स्थित बैतुररहमान मस्जिद में सैकड़ों लोगों के सामने बेंत से पीटा गया। महिला अपने घुटनों पर बैठ गई। एक नकाबपोश शख्स ने उसे सजा दी। पांच बेंत मारने के बाद उसे हॉस्पिटल ले जाया गया। आरोपों के मुताबिक, नूर यूनिवर्सिटी में एक सहपाठी के बेहद करीब चली गई थी। इंडोनेशिया में ऐसा करना शरिया कानून के खिलाफ है। कानून के मुताबिक, अविवाहित मर्द और महिला शादी न होने की स्थिति में एक दूसरे के करीब नहीं जा सकते। इस कानून का पालन न करने पर सार्वजनिक तौर पर बेंत से पीटने का प्रावधान है। नूर के जिस शख्स के करीब जाने का आरोप था, उसे भी बाद में ऐसी ही सजा दी गई।

