अमेरिका के टेक्सास स्थित एल पासो शहर वॉलमार्ट शॉपिंग सेंटर में गोलीबारी में 20 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में 26 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक संदिग्ध शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक्सास के एल पासो में हुई इस गोलीबारी की घटना की निंदा की है।

ट्रंप ने एक ट्वीट में कहा, ‘आज एल पासो में हुई गोलीबारी की घटना न सिर्फ दुखद है बल्कि यह कायराना हरकत है। मैं इस घृणित कार्य की निंदा करता हूं और ऐसे समय में सभी के साथ खड़ा हूं। निर्दोष लोगों की हत्या को किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता है।’ इस गोलीबारी में मेक्सिको को तीन लोगों के मारे जाने की खबर है।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग अबॉट ने 20 लोगों के मौत की पुष्टि करते हुए इस गोलीबारी की घटना को टेक्सास के इतिहास में सबसे घातक दिन बताया है। पुलिस ने 21 वर्षीय एक संदिग्ध शूटर को हिरासत में लिया है। यह शूटर डलास क्षेत्र के सिटी ऑफ एलन का रहने वाला है।

असॉल्ट राइफल के साथ घुसा शूटरः अमेरिका मीडिया में इस युवक का नाम पैट्रिक क्रूसियस बताया है। सीसीटीवी तस्वीरों में एक आदमी डार्क टीशर्ट पहने और असाल्ट राइफल के साथ स्टोर में घुसता दिखाई दे रहा है। इस युवक ने आइ प्रोटेक्टर भी पहना हुआ है। घटना के बारे में अल पासो के पुलिस प्रमुख ग्रेग एलन ने बताया कि उन्हें स्थानीय समय के अनुसार 10.39 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंच कर 21 वर्षीय संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया।

डर से इधर-उधर भागने लगे लोगः घटना के समय स्टोर में करीब 1000-3000 लोग स्टोर में मौजूद थे। घटना के बारे में एक प्रत्यक्षदर्शी कियाना लॉन्ग ने बताया कि वह उस समय अपने पति के साथ स्टोर में थी। अचानक उन्होंने गोलीबारी की आवाज सुनी। गोलीबारी के बाद लोग घबराहट में डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। भागने के दौरान कुछ लोग फर्श पर गिर गए।

बच्चे ने दी गोलीबारी की जानकारीः  एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ग्लेनडन ओकले ने बताया कि वह उस मॉल के पास ही खेल के सामान की दुकान में था। अचानक एक बच्चे ने उन्हें वॉलमार्ट स्टोर में गोलीबारी की सूचना दी। गोलीबारी की घटना के बाद एफबीआई की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक जानकारियां जुटाईं।