अमेरिका में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक अलबामा में जन्मदिन की पार्टी में हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बता दें कि पिछले कुछ सालों में अमेरिका में कई फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों ने WRBL चैनल से कहा कि कई घायल लोगों को चिकित्सा के लिए स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस और शेरिफ के कार्यालय के अधिकारियों को संदेह था कि शनिवार रात लगभग 10:30 बजे जन्मदिन की पार्टी में गोलीबारी हुई थी।
पुलिस ने शनिवार देर रात पुष्टि की कि लुइसविले (केंटकी) में एक शूटिंग में दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। उसी शहर में एक बंदूकधारी ने पिछले सोमवार को एक बैंक में पांच लोगों की हत्या कर दी थी। संयुक्त राज्य अमेरिका में लगभग 330 मिलियन लोग रहते हैं लेकिन यहां लगभग 400 मिलियन बंदूकों का लाइसेंस दिया गया है।
मैक्सिको में भी फायरिंग की घटना, 7 की मौत
वहीं शनिवार को मैक्सिको में भी फायरिंग की घटना सामने आई एक बंदूकधारी व्यक्ति ने 7 लोगों की हत्या कर दी। अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को मैक्सिकन राज्य गुआनाजुआतो (Mexican state of Guanajuato) में एक रिसॉर्ट पर हमला करने के बाद सशस्त्र व्यक्ति ने एक बच्चे और छह अन्य लोगों की हत्या कर दी। सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए फुटेज में गुआनाजुआतो शहर से लगभग 65 किमी दक्षिण में छोटे से शहर कॉर्टज़ार में ताड़ के बने रिसॉर्ट में हमले के बाद का दृश्य दिखाया गया है।
वहीं स्थानीय सुरक्षा विभाग ने मीडिया को बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि सात साल के बच्चे, तीन पुरुषों और तीन महिलाओं की गोली मारकर हत्या करने के पीछे कौन था। ला पाल्मा रिसॉर्ट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन हाल के वर्षों में प्रतिद्वंद्वी ड्रग कार्टेल क्षेत्र और तस्करी के मार्गों को नियंत्रित करने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।